ग्लोबल ओटीटी पर छाई भूमि की ‘दलदल’, बना इंटरनेशनल हिट
मुंबई। भूमि सतीश पेडनेकर हमेशा से ही अपने अलग और साहसी फैसलों के लिए जानी जाती हैं। वह कभी भी आसान रास्ता नहीं चुनतीं, बल्कि ऐसी कहानियों का हिस्सा बनती हैं, जो समाज से जुड़ी होती हैं और दर्शकों को सोचने पर मजबूर करती हैं। उनकी वेब सीरीज़ ‘दलदल’ इसकी ताजा मिसाल बनकर सामने आई है।
अमेज़न प्राइम पर रिलीज हुई साइकोलॉजिकल क्राइम थ्रिलर ‘दलदल’ इन दिनों दुनियाभर में चर्चा में है। यह सीरीज़ अमेरिका, यूके, यूएई समेत कई देशों में टॉप ट्रेंड कर रही है और अंतरराष्ट्रीय दर्शकों से भी जबरदस्त सराहना पा रही है।
भूमि की फिल्मोग्राफी पर नजर डालें तो साफ दिखता है कि उन्होंने हमेशा कंटेंट को प्राथमिकता दी है। ‘दम लगा के हईशा’, ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’, ‘शुभ मंगल सावधान’, ‘बाला’, ‘बधाई दो’, ‘भीड़’, ‘भक्षक’ और ‘सांड की आंख’ जैसी फिल्मों के जरिए उन्होंने सामाजिक मुद्दों को मजबूती से उठाया है।
‘दलदल’ में भी भूमि ने एक चुनौतीपूर्ण किरदार निभाया है, जिसमें मानसिक गहराई और भावनात्मक संतुलन की जरूरत थी। जहां कई कलाकार ऐसे रोल से बचते हैं, वहीं भूमि इन्हें अपनी ताकत बना लेती हैं। इस सीरीज़ में उनका अभिनय दर्शकों को पूरी तरह से कहानी से जोड़ देता है।
भूमि का मानना है कि उनके लिए माध्यम से ज्यादा जरूरी कला और अभिनय है। चाहे फिल्म हो या वेब सीरीज़, वह हर प्रोजेक्ट में पूरी ईमानदारी से मेहनत करती हैं। यही वजह है कि दर्शक उन पर भरोसा करते हैं और उनके काम को पसंद करते हैं।
सिनेमाघरों से लेकर ओटीटी प्लेटफॉर्म तक, भूमि लगातार अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा रही हैं। ‘दलदल’ की ग्लोबल सफलता ने यह साफ कर दिया है कि वह आज की सबसे भरोसेमंद और निडर अभिनेत्रियों में से एक हैं, जो हर बार नया जोखिम लेकर खुद को साबित करती हैं।