Dark Mode
वैचारिक प्रतिबद्धता के चलते विशाल वटवृक्ष बना भाजपा : भजनलाल शर्मा

वैचारिक प्रतिबद्धता के चलते विशाल वटवृक्ष बना भाजपा : भजनलाल शर्मा

प्रशिक्षण सतत प्रक्रिया, राष्ट्र निर्माण में कार्यकर्ता की भूमिका अहम : मदन राठौड़
भाजपा में राष्ट्रीय स्तर से बूथ स्तर तक 7 मार्च से चलेगा प्रशिक्षण महाभियान : विष्णुदत्त शर्मा

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करने वाला दल है, जहां राष्ट्र के बाद दल और फिर व्यक्ति का स्थान आता है। वे भाजपा प्रदेश कार्यालय, जयपुर में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा में प्रशिक्षण एक सतत प्रक्रिया है और यही उसकी वैचारिक शक्ति का आधार है। एक विचार को लेकर चलने वाला यह राजनीतिक दल आज देशभर में वटवृक्ष के रूप में स्थापित हो चुका है। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ता में दायित्व बोध से व्यक्तित्व निर्माण होता है और व्यक्तित्व निर्माण से राष्ट्र निर्माण को बल मिलता है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि 21 अक्टूबर 1951 को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में भारतीय जनसंघ की स्थापना राष्ट्र सर्वोपरि की भावना से हुई। पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे महापुरुषों के विचारों से प्रेरित यह विचारधारा आगे बढ़ी। आपातकाल के बाद 1980 में भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई और आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचने का आह्वान करते हुए कहा कि अधिकारों से अधिक कर्तव्य बोध आवश्यक है। भाजपा राजनीतिक कार्यों के साथ सामाजिक दायित्वों को भी प्राथमिकता देती है। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि केंद्र और राज्य सरकारें सदैव जनहित में कार्य करती रहेंगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा में प्रशिक्षण का उद्देश्य राष्ट्र के सर्वांगीण विकास में प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना है। बूथ से राष्ट्रीय स्तर तक विभिन्न चरणों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में प्राप्त पाथेय को जिला, मंडल और बूथ स्तर तक पहुंचाना सभी पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है। अभियान के राष्ट्रीय सह-संयोजक एवं खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने बताया कि 7 मार्च से 15 अप्रैल तक देशभर में प्रशिक्षण महाभियान चलाया जाएगा। प्रदेश स्तर के बाद जिला, मंडल एवं बूथ स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित होंगी। साथ ही मोर्चा, प्रकोष्ठ, विभाग, जनप्रतिनिधि, मीडिया और सोशल मीडिया स्तर पर भी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य पार्टी की वैचारिक प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करना, कार्य पद्धति में सिद्धांत आधारित आचरण विकसित करना, पार्टी के इतिहास और विकास की जानकारी देना, सक्षम कार्यकर्ताओं का निर्माण करना तथा राष्ट्रीय चुनौतियों और नैरेटिव के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यशाला में विधायक अजय महावर, प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम एवं अभियान की प्रदेश सह-संयोजक संतोष अहलावत सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!