भाजपा ने बिहार-यूपी विधान परिषद चुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किए
नई दिल्ली। भाजपा ने बिहार और उत्तर प्रदेश में होने वाले विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव 2026 के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने दोनों राज्यों की कुल 10 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दी है।
बिहार में पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नवल किशोर यादव को उम्मीदवार बनाया गया है। कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. एन.के. यादव को टिकट दिया गया है। दरभंगा स्नातक सीट से सर्वेश कुमार चुनाव मैदान में होंगे, जबकि तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नरेंद्र प्रसाद सिंह को प्रत्याशी घोषित किया गया है।
यूपी में छह सीटों पर प्रत्याशी तय
उत्तर प्रदेश की छह विधान परिषद सीटों के लिए भी भाजपा ने उम्मीदवारों के नाम जारी कर दिए हैं। वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से केदारनाथ सिंह और मेरठ स्नातक सीट से दिनेश गोयल को टिकट दिया गया है। इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट पर अशोक कुमार राठौर भाजपा के प्रत्याशी होंगे।
इसी तरह वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. प्रमोद मिश्रा को उम्मीदवार बनाया गया है। आगरा शिक्षक सीट से इंजीनियर हरि किशोर तिवारी को पार्टी ने मैदान में उतारा है। गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से ध्रुव त्रिपाठी को एक बार फिर मौका दिया गया है।
23 अक्टूबर को होगा मतदान
विधान परिषद के इन निर्वाचन क्षेत्रों में स्नातक और शिक्षक मतदाता अपने प्रतिनिधि का चुनाव करते हैं। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 9 अक्टूबर तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे।
मतदान 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को मतगणना होगी। चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।