Dark Mode
राहुल गांधी पर भाजपा का हमला, 'भारत समिट' को बताया एंटी-भारत मंच

राहुल गांधी पर भाजपा का हमला, 'भारत समिट' को बताया एंटी-भारत मंच

नई दिल्ली। हैदराबाद में आयोजित 'भारत समिट' को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि वे भारत विरोधी शक्तियों को एक मंच पर लाने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा ने शनिवार को हुए इस आयोजन को 'एंटी-भारत समिट' करार देते हुए दावा किया कि इसका इस्तेमाल देश की छवि खराब करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नफरत फैलाने के लिए किया गया।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल गांधी पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष अलग-अलग मंचों के माध्यम से भारत को बदनाम करने और देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। भाटिया के मुताबिक, भारत समिट का उद्देश्य देश और तेलंगाना के हितों को मजबूत करना होना चाहिए था, लेकिन इसका इस्तेमाल राजनीतिक विरोध और नकारात्मक प्रचार के लिए किया गया।

गौरव भाटिया ने कहा कि गुजरात में नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री रहते हुए गुजरात इन्वेस्टमेंट समिट आयोजित होता था। इसी तरह भाजपा शासित राज्यों में भी निवेश सम्मेलनों के जरिए विकास और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासित राज्य में आयोजित इस कार्यक्रम में भारत के हितों को प्राथमिकता नहीं दी गई।

भाजपा प्रवक्ता ने समिट में शामिल इटली के नेता और यूरोपीय सोशलिस्ट पार्टी के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक के बयान को भी मुद्दा बनाया। उन्होंने कहा कि एक विदेशी नेता ने भारतीय मंच से 'वोट चोर-गद्दी छोड़' का नारा लगाया, जो भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनादेश का अपमान है।

भाटिया ने राहुल गांधी की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि जब विदेशी नेता ने यह नारा लगाया, तब राहुल गांधी ने उन्हें रोकने के बजाय तालियां बजाईं और हंसते रहे। उन्होंने कहा कि इस घटना का वीडियो देखने के बाद कई भारतीयों को ठेस पहुंची होगी। भाजपा प्रवक्ता ने सवाल उठाया कि देश की संप्रभुता और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष ऐसी प्रतिक्रिया कैसे दे सकते हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में गौरव भाटिया ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान का भी हवाला दिया। अमित शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा था कि लगातार चुनावी हार के कारण उनके भीतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति नफरत बढ़ती जा रही है। शाह ने यह भी आरोप लगाया था कि राहुल गांधी अपनी पार्टी को कई चुनावों में हार की ओर ले जा चुके हैं और उनकी निराशा सार्वजनिक बयानों में दिखाई देती है।

भाजपा प्रवक्ता ने राहुल गांधी के विदेश दौरों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशों में जाकर भारत के लोकतंत्र पर सवाल उठाते हैं और विदेशी शक्तियों से देश के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप की अपील तक कर चुके हैं।

भाटिया ने कहा कि राहुल गांधी हर मंच पर विदेशी नेताओं को बुलाकर भारत के खिलाफ बयानबाजी करवाते हैं और इसे अपनी उपलब्धि मानते हैं। भाजपा ने इस पूरे मामले को देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं और राष्ट्रीय हितों से जोड़ते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल खड़े किए हैं।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!