भाजपा का दीवार लेखन अभियान आरंभ
टोंक। भारतीय जनता पार्टी टोंक द्वारा दीवार लेखन अभियान का शुभारंभ गुरूवार को टोंक आये पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी द्वारा किया गया। इस मौके पर उन्होंने ‘‘भ्रष्टाचार खुले आम नहीं सहेगा राजस्थान’’ लिखकर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि गांव-गांव, ढाणी-ढाणी कांग्रेस सरकार के खिलाफ दीवार लेखन का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि हमें भ्रष्टाचारी कांग्रेस सरकार के बारे में आमजन को बताना है। उन्होंने कहा कि समूचा राजस्थान मौजूदा वक्त में कानून व्यवस्था के नाम पर जंगलराज के रूप में बदल चुका है, जहां समाज की बहन, बेटियों की इज्जत कहीं भी सुरक्षित नहीं है। तत्पश्चात अरूण चतुर्वेदी ने केतों की चौकी फार्मबाग के पास बन रहे भाजपा कार्यालय के निर्माण कार्यो का निरीक्षण किया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र पराणा, जिला प्रमुख सरोज बंसल, जिला महामंत्री प्रभु बाड़ोलिया, विष्णु शर्मा, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री चंद्रवीर सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सत्यनारायण चौधरी, जिला उपाध्यक्ष हंसराज धाकड़, नरेश बंसल, बिना छामुनिया, मीडिया प्रभारी कमलेश यादव, महेंद्र सिरोठा, पार्षद बादल साहू एवं मेघराज जाट आदि मौजूद रहे।