Dark Mode
अतिक्रमणों पर गरजे सिस्टम के बुलडोजर

अतिक्रमणों पर गरजे सिस्टम के बुलडोजर

 कार्यवाही दस्ते में डिविजन कमिश्नर खुद रहे मौजूद


बीकानेर। डिविजनल कमिश्नर नीरज के पवन की अगुवाई में गुरूवार को जय नारायण व्यास कॉलोनी पहुंचे नगर विकास न्यास के अतिक्रमण दस्ते ने बुलडोजर चलाकर मूर्ति सर्किल से लेकर कॉलोनी के मैन बाजार तक अतिक्रमणों का सफाया कर दिया।  कार्यवाही करने पहुंचे दस्ते ने मैन रोड़ पर बनी दुकानों,मकानों और प्रतिष्ठानों की रैंप चौकियों के अलावा खोखो व ठेलों को हटा दिया। करीब चार घंटे तक चली तोडफ़ोड़ की इस कार्यवाही से अतिक्रमण माफियाओं में हडक़ंप सा मच गया। कार्यवाही के दौरान डिविजन कमिश्नर खुद मौके पर मौजूद रहे और चिन्हित अतिक्रमणों पर बुलडोजर चलवाया। हालांकि कई लोगों ने इस कार्यवाही का विरोध किया लेकिन दस्ते में शामिल अधिकारियों ने किसी की सुनवाई नहीं की। इस मौके पर न्यास सचिव यशपाल आहुजा ने कहा कि लगातार नोटिस दिये जाने के बावजूद इलाके के दुकानदार और प्रतिष्ठान संचालक अपनी दुकानों प्रतिष्ठानों के आगे से अवैध अतिक्रमण हटा नहीं रहे थे । ऐसे में सख्ती के साथ कार्यवाही अमल में लानी पड़ी है। उन्होने बताया कि दुकानदारों और मकान मालिकों ने सडक़ पर छह सात फीट तक अवैध अतिक्रमण कर रखे थे,इन अतिक्रमणों को चिन्हित कर हटाने के निर्देश दिये गये थे,फिर भी कई लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाये ऐसे में जेसीबी मशीनों से तोडफ़ोड़ की कार्यवाही को अंजाम दिया गया है। न्यास सचिव ने बताया कि डिविजन कमिश्नर के निर्देश पर अतिक्रमणों और अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की मुहिम लगातार जारी रहेगी। कार्यवाही टीम में न्यास तहसीलदार कालूराम पडि़हार समेत कनिष्ठ अभियंता भी शामिल रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!