Dark Mode
बूंदी : पं. दीनदयाल अंत्योदय संबल पखवाड़ा शिविरों में मनाया बेटी जन्मोत्सव

बूंदी : पं. दीनदयाल अंत्योदय संबल पखवाड़ा शिविरों में मनाया बेटी जन्मोत्सव

  • बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के तहत 60 कार्यक्रमों में 290 बालिकाओं का मनाया गया जन्मोत्सव

बूंदी। महिला अधिकारिता विभाग, बूंदी द्वारा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत पं. दीनदयाल अंत्योदय संबल पखवाड़ा के दौरान 3 से 8 जुलाई तक जिले के विभिन्न उपखंडों में 60 बेटी जन्मोत्सव कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इन आयोजनों में 290 नवोदित बेटियों के जन्मदिवस को सामाजिक सहभागिता के साथ गरिमामय रूप में मनाया गया। सहायक निदेशक, महिला अधिकारिता विभाग भेरू प्रकाश नागर ने जानकारी देते हुए बताया कि निदेशालय जयपुर के निर्देशों के अनुसार इन शिविरों में लाडो प्रोत्साहन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को देने के साथ-साथ बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने की अभिनव पहल की गई। कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में बेटियों की उपेक्षा के विरुद्ध एक सशक्त संदेश देना, उनके अस्तित्व के अधिकार को प्रतिष्ठित करना तथा परिवारों में बेटियों के प्रति गर्व और आत्मसम्मान की भावना को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रमों के दौरान जन्मोत्सव मना रही बालिकाओं का पुष्पमालाओं से स्वागत, रोली से तिलक, और मिष्ठान्न से मुंह मीठा कर अभिनंदन किया गया। इन आयोजनों में माताओं एवं परिवारजनों की उपस्थिति ने आयोजन को भावनात्मक और सामाजिक स्तर पर और भी महत्वपूर्ण बना दिया।

जिलें में 60 कार्यक्रमों में मनाया 290 बालिकाओं का जन्मोत्सव- नागर ने बताया कि जिला भर में 60 कार्यक्रमों में 290 बालिकाओं का जन्मोत्सव मनाया गया। इस दौरान केशवरायपाटन उपखंड में 17 कार्यक्रमों में 119 बालिकाओं, बूंदी उपखंड के 9 कार्यक्रमों में 18 बालिकाओं, नैनवां उपखंड के 8 कार्यक्रमों में 44 बालिकाओं, तालेड़ा उपखंड के 11 कार्यक्रमों में 62 बालिकाओं, हिंडोली उपखंड के 15 कार्यक्रमों में 47 बालिकाओं का जन्मोत्सव मनाया गया।
बेटियों की शिक्षा, पोषण, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का लिया सामूहिक संकल्प- इसी क्रम में मंगलवार को हिंडोली उपखंड की ग्राम पंचायत तालाब में आयोजित शिविर में भी बेटियों के सम्मान में आयोजन किया गया, जहां ग्रामवासियों की सहभागिता ने कार्यक्रम को भावनात्मक ऊंचाई प्रदान की। कार्यक्रम के समापन पर सभी माताओं को धन्यवाद ज्ञापित किया गया और सभी ने बेटियों को शिक्षा, पोषण, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता हेतु आवश्यक अवसर प्रदान करने का सामूहिक संकल्प लिया। साथ ही लाडो प्रोत्साहन योजना तथा “यस टू स्कूल“ अभियान की जानकारी देकर लाडो प्रोत्साहन योजना के ब्रोशर का वितरण कर जनजागरूकता को सशक्त किया गया। बेटी जन्मोत्सव कार्यक्रर्मों के दौरान महिला अधिकारिता विभाग से पर्यवेक्षक प्रीति बंशीवाल, रजनी शर्मा, सलोनी कुमावत, सुमन बैरवा, मंजु झलवाला के साथ, वरिष्ठ सहायक रविराज मिश्रण, एक्शन एड-यूनिसेफ़ जिला समन्वयक ज़हीर आलम, डी एच ई डब्ल्यू जेंडर स्पेशलिस्ट विनिता अग्रवाल, पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र प्रबंधक पूर्णिमा गौतम, कांउसलर सलोनी शर्मा, अक्षिता चारण, कानूनी परामर्शदाता प्रिया एवं अनस सिद्दीकी, ग्राम साथिन  आंगनवाड़ी कार्यकर्ता आदि उपस्थित रहे। महिला एवं बाल विकास विभाग से सीडीपीओ, महिला पर्यवेक्षकों के साथ ही सभी जिला स्तरीय व ब्लॉक स्तरीय विभिन्न विभागों के अधिकारी गण उपस्थित थे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!