आज से इलेक्ट्रिक गाड़ियां खरीदना हुआ महंगा
नई दिल्ली . आज से इलेक्ट्रिक गाड़ियां खरीदना महंगा हो गया है। ऐसा इसलिए क्योंकि सरकार ने फास्टर एडॉप्शन एंड मैन्युफैक्चरिंग ऑफ इलेक्ट्रिक व्हीकल्स (FAME-II) के तहत मिलने वाली सब्सिडी बंद कर दी है। इस स्कीम के तहत 22,500 रुपए तक की सब्सिडी दी जाती थी।
हालांकि, सरकार ने आज से इलेक्ट्रिक मोबिलिटी प्रमोशन स्कीम (EMPS) शुरू की है। यह 31 जुलाई 2024 तक वैलिड रहेगी। नई योजना के तहत इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर पर 10,000 रुपए तक की सब्सिडी मिलेगी। वहीं थ्री व्हीलर पर 25,000 तक सब्सिडी मिलेगी।
इसके अलावा किया, टोयोटा और टाटा ने आज से अपनी गाड़ियों के दाम बढ़ा दिए हैं। गाड़ियों के अलग-अलग मॉडल और वैरिएंट के अनुसार अलग-अलग कीमतें लागू होंगी। बीते दिनों टाटा ने बताया था कि इनपुट कॉस्ट बढ़ने के चलते उसने कीमतें बढ़ाने का फैसला लिया है।