BYD पर भारत में टैक्स चोरी का आरोप
जांच के दायरे में चाइनीज इलेक्ट्रिक व्हीकल बनाने वाली कंपनी, DRI लगा सकती है जुर्माना
नई दिल्ली . चीन की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक व्हीकल बनाने वाली कंपनी BYD पर भारत में टैक्स चोरी करने का आरोप लगा है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, BYD ने देश में असेंबल और बेची जानी वाली कारों के लिए जो पार्टस् मंगाए थे, उस पर बहुत कम टैक्स पेमेंट किया है।
वहीं, भारत सरकार के रेवेन्यू इंटेलिजेंस विंग (DRI) ने कहा कि BYD ने 9 मिलियन डॉलर (₹74 करोड़) का कम टैक्स पेमेंट किया है। हालांकि, जब DRI ने इसकी जांच शुरू की तो BYD ने बचे हुए टैक्स का पेमेंट कर दिया।
कंपनी पर अतिरिक्त टैक्स चार्ज और जुर्माना लगा सकती है DRI
रिपोर्ट के अनुसार, DRI ने अभी तक BYD को नोटिस नहीं जारी किया है, लेकिन अभी जांच जारी है। DRI कंपनी पर अतिरिक्त टैक्स चार्ज और जुर्माना लगा सकती है। इस मामले में अभी तक कंपनी या सरकार की ओर से ऑफिशियल तौर पर कोई भी जानकारी नहीं दी गई है।
भारत में इलेक्ट्रिक SUV-सेडान बेचती है कंपनी
अभी BYD भारतीय मार्केट में इलेक्ट्रिक SUV एटो 3, इलेक्ट्रिक सेडान e6 बेचती है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी भारत में जल्द ही एक और अपनी इलेक्ट्रिक कार लॉन्च कर सकती है। बिक्री के हिसाब से अभी BYD दुनिया की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक व्हीकल मेकर कंपनी है।
हाल ही में सरकार ने ठुकराया है BYD के निवेश का प्रस्ताव
हाल ही में सरकार ने BYD के EV मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित करने के प्रस्ताव को ठुकराया है। BYD हैदराबाद की मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (MEIL) के साथ पार्टरशिप करके EV बनाने के लिए प्लांट लगाना चाहती थी, जिसके लिए कंपनी ने उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) के पास प्रस्ताव प्रस्तुत किया था।
इसके बाद DPIIT ने विभिन्न विभागों से इसके बारे में इनपुट मांगा था। चर्चा के दौरान सेफ्टी को लेकर कई सवाल उठाए थे। इसके बाद सरकार ने 1 बिलियन डॉलर (तब लगभग ₹8199 करोड़) की EV मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित करने के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था।