पहलवानों के सम्मान में निकाला कैंडल मार्च, किया प्रदर्शन
कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष को गिरफ्तार करने की रखी मांग
भोपालगढ़ । देश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई मेडल जीतकर पूरे भारतवर्ष को गौरवान्वित करने वाले पहलवानों द्वारा दिल्ली के जंतर-मंतर पर दिए जा रहे धरने के दौरान उनके साथ केंद्र सरकार के इशारे पर दिल्ली पुलिस द्वारा बार-बार किए जा रहे दुर्व्यवहार एवं गिरफ्तारी आदि के विरोध में मंगलवार शाम को भोपालगढ़ कस्बे में मुख्य बस स्टैंड से लेकर उपखंड कार्यालय तक कैंडल मार्च निकालकर पहलवानों का समर्थन किया गया। साथ ही अम्बेडकर सर्किल व उपखंड कार्यालय के सामने जमकर विरोध-प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार एवं प्रधानमंत्री की नीतियों की आलोचना करते हुए कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरणसिंह को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग रखी।
युवा कार्यकर्ता किशोर जाखड़ ने बताया कि भारतीय कुश्ती महासंघ में हो रही अनियमितताओं के खिलाफ एवं कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरणसिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर देश के नामचीन पहलवान पिछले 35 दिनों से दिल्ली के जंतर-मंतर पर बेमियादी धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। लेकिन इसके बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्र सरकार की हठधर्मिता के चलते इन पहलवानों की मांगों पर कोई गौर नहीं किया जा रहा है। उल्टा इन्हें बार-बार परेशान और प्रताड़ित किया जा रहा है तथा इन्हें वहां से खदेड़ने की कोशिशें भी हो रही है। यहां तक कि दिल्ली की पुलिस केंद्र सरकार के इशारे पर काम करते हुए पहलवानों को गिरफ्तार करने पर भी तुली हुई है। ऐसे में देश का गौरव बढ़ाने वाले इन अंतरराष्ट्रीय पहलवानों के साथ हो रहे अन्याय के विरोध एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्र सरकार की हठधर्मिता के खिलाफ मंगलवार शाम को भोपालगढ़ क्षेत्र के लोगों ने कस्बे के बस स्टैंड से लेकर उपखंड कार्यालय तक कैंडल मार्च निकालकर भारतीय गौरव के प्रतीक पहलवानों का समर्थन किया। इसके साथ ही उपखंड कार्यालय के सामने प्रधानमंत्री एवं केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी एवं विरोध-प्रदर्शन करते हुए उन्हें अपनी हठधर्मिता छोड़कर पहलवानों से शांतिपूर्वक वार्ता करने, उनकी बात सुनने एवं इससे पहले भारतीय कुश्ती महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजभूषण शरणसिंह को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग भी की गई। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश जाखड़, डॉ श्रवणराम मेघवाल,राष्टीय बिजलीघर कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष रामकुमार भँनगा, शिक्षक नेता रामलाल जाखड़,आर सी जाखड़,विष्णु गोदारा, छात्र नेता सुनील लामरोड,रामनिवास सैन,हनुमान विश्नोई,आतिफ सिकन्दर,सौरव शर्मा, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज जाखड़,राकेश देवासी,शेराराम सारण, जितेंद्र जलवानिया,मनीष जाखड़, रामस्वरूप गोदारा, रामलाल प्रजापत, राम जाट समेत बड़ी संख्या में भोपालगढ़ कस्बे सहित आसपास के गांव से आए ग्रामीण व युवा कार्यकर्ता मौजूद थे।