सीईओ ने भारत में जंक फूड की बढ़ती लत पर किया ध्यान आकर्षित
इन दिनों देश भर के अधिकतर इलाकों में जंक फूड का ट्रेंड काफी अधिक बढ़ने लगा है। लोग जंक फूड खाने में काफी रुचि दिखाते है। यहां तक कि लोग इसे अब बनाने से भी परहेज करने लगे हैं बल्कि पकाने की जगह ऑनलाइन ऑर्डर करने पर जोर दिया जाता है। इस ट्रेंड को बढ़ता देख अब इस पर चर्चा होने लगी है।इसी बीच मुंबई स्थित के कंपनी के सीईओ ने इस ओर ध्यान आकर्षित किया है। पुरुषों के लिए ग्रूमिंग ब्रांड बॉम्बे शेविंग कंपनी के संस्थापक और सीईओ शांतनु देशपांडे ने भारत के फास्ट फूड डिलीवरी इंडस्ट्री के तेजी से विकास के बारे में चिंता जताई है।
रविवार को लिंक्डइन पर एक पोस्ट में शांतनु देशपांडे ने बताया कि देश को इन दिनों सबसे बड़ी महामारी का सामना करना पड़ रहा है जो कि खराब पोषण की है। ये मुख्य रूप से पाम ऑयल और चीनी युक्त अनहेल्दी और प्रोसेस्ड फूड के कारण हो रही है। उन्होंने फूड डिलीवरी सर्विसेस से आग्रह किया कि वे अपनी पेशकश को और अधिक पौष्टिक और आकर्षक बनाएं। उद्योग की स्थिति का वर्णन करते हुए, देशपांडे ने कहा, "जमे हुए प्यूरी, गर्म की गई करी और धनिया के साथ तैयार की गई पुरानी सब्जियाँ, सभी को एक बाइक सवार पर चढ़ा दिया जाता है जो 10 मिनट में इसे डिलीवर करने के लिए मैड मैक्स की तरह तेज़ गति से दौड़ता है क्योंकि आप 15 मिनट और इंतजार नहीं कर सकते या दाल और चावल का एक साधारण भोजन पकाने के लिए बहुत आलसी थे।"