Dark Mode
गौशाला मैदान का सीईओ ने किया निरीक्षण, खिलाड़ियों की सुविधाओं पर दिया जोर

गौशाला मैदान का सीईओ ने किया निरीक्षण, खिलाड़ियों की सुविधाओं पर दिया जोर

जोधपुर। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा ने मंगलवार प्रातः शाला क्रीड़ा संगम गौशाला मैदान का निरीक्षण कर खेल व्यवस्थाओं, आधारभूत अवसंरचनाओं एवं संचालन व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न खेल परिसरों, व्यायाम उपकरणों एवं उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया तथा इसके उपरांत मैदान परिसर में ही संबंधित अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर खेल परिसर के समग्र विकास, बेहतर प्रबंधन एवं आमजन तथा खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तृत चर्चा की।

खिलाड़ियों एवं आमजन से संवाद कर लिया फीडबैक
निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने नियमित रूप से मैदान में आने वाले आमजन, खिलाड़ियों एवं खेल प्रशिक्षुओं से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। उन्होंने कहा कि खेल परिसर का विकास उपयोगकर्ताओं की आवश्यकताओं एवं सुझावों के अनुरूप किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी खिलाड़ियों एवं खेल गतिविधियों से जुड़े व्यक्तियों से निर्धारित फीडबैक प्रपत्र भरवाने के निर्देश दिए, ताकि प्राप्त सुझावों के आधार पर व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार किया जा सके।


जनसहभागिता आधारित फीडबैक प्रणाली विकसित करने के निर्देश
मिश्रा ने खेल परिसर में विभिन्न स्थानों पर क्यूआर कोड स्थापित कर आमजन एवं खिलाड़ियों से ऑनलाइन सुझाव प्राप्त करने की व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रभावी फीडबैक मैकेनिज्म विकसित किया जाए, जिससे प्राप्त सुझावों एवं शिकायतों का समयबद्ध विश्लेषण कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जा सकें। साथ ही परिसर में विभिन्न स्थानों पर शिकायत एवं सुझाव पेटिकाएं स्थापित करने के भी निर्देश दिए।


व्यायाम उपकरणों की गुणवत्ता परखी, नियमित अनुरक्षण पर दिया जोर
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने निरीक्षण के दौरान व्यायाम उपकरणों का स्वयं उपयोग कर उनकी गुणवत्ता एवं कार्यक्षमता का परीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी उपकरणों का नियमित निरीक्षण एवं समयबद्ध अनुरक्षण सुनिश्चित किया जाए, जिससे खिलाड़ियों एवं आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने खेल परिसरों के लिए वार्षिक अनुरक्षण प्रणाली विकसित करने तथा आवश्यक मरम्मत कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए।


पेयजल एवं मूलभूत सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश
उन्होंने खेल परिसर में विभिन्न स्थानों पर पर्याप्त एवं सुव्यवस्थित पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही खिलाड़ियों एवं आमजन की सुविधा के दृष्टिगत आवश्यक मूलभूत सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाए रखने पर बल दिया।


बायोमेट्रिक उपस्थिति एवं कार्यप्रणाली की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान मिश्रा ने खेल परिसर में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था का अवलोकन किया तथा निर्देश दिए कि सभी कार्मिक निर्धारित समय पर नियमित उपस्थिति दर्ज करें तथा कार्यों के निष्पादन में पूर्ण उत्तरदायित्व एवं अनुशासन बनाए रखें।


स्वच्छता अभियान एवं साप्ताहिक श्रमदान पर विशेष बल
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने संपूर्ण खेल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश देते हुए नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, निर्धारित अंतराल पर व्यापक सफाई कार्य कराने तथा प्रत्येक सप्ताह श्रमदान गतिविधि आयोजित करने के निर्देश दिए, जिससे खेल परिसर स्वच्छ, सुरक्षित एवं आकर्षक बना रहे।


डिजिटल प्रबंधन एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश
मिश्रा ने खेल परिसर के लिए समर्पित वेबसाइट विकसित करने के निर्देश दिए, जिसमें पंजीकरण, उपस्थिति, खेल गतिविधियों, बुकिंग, उपलब्ध सुविधाओं एवं अन्य आवश्यक सूचनाओं का समुचित संधारण किया जा सके। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से समस्त सूचनाएं आमजन के लिए उपलब्ध कराते हुए पारदर्शिता एवं सुशासन को और अधिक सुदृढ़ किया जाए।


सोशल मीडिया पर नियमित अपडेट देने के निर्देश
उन्होंने खेल परिसर से संबंधित गतिविधियों, प्रतियोगिताओं, उपलब्धियों एवं महत्वपूर्ण सूचनाओं का नियमित रूप से सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन एवं खिलाड़ियों को समय पर अद्यतन जानकारी उपलब्ध हो सके तथा खेल गतिविधियों में अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जा सके। इस अवसर पर आईएएस प्रशिक्षु उमेश कुमार, उप जिला शिक्षा अधिकारी (शा.शि.) सुमित्रा पंवार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!