बैंकॉक के पब में भीषण आग से मचा कोहराम, 27 लोगों की मौत
बैंकॉक। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में रविवार देर रात एक पब में लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। चतुचक जिले में लाट फ्राओ रोड के पास स्थित पब में आग लगने से अब तक 27 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 63 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
थाई मीडिया के अनुसार आग स्थानीय समयानुसार रात करीब 11:57 बजे लगी। सूचना मिलने के बाद दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई लोगों का इलाज जारी है।
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल भी घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार ज्यादातर लोगों की मौत धुएं में सांस लेने के कारण हुई। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
बैंकॉक के गवर्नर चैडचार्ट सिट्टीपंट ने बताया कि हादसे में घायल 63 लोगों में से 22 की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद कहा कि दमकल कर्मी सूचना मिलते ही पहुंच गए थे, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही आग अंदर तेजी से फैल चुकी थी।
अधिकारियों के अनुसार मृतकों में से अभी तक केवल छह लोगों की पहचान हो पाई है। बचाव दल को घटनास्थल से कई मोबाइल फोन मिले, जिन पर लगातार परिवार और दोस्तों के फोन आ रहे थे। इन कॉल्स के जरिए पीड़ितों की पहचान करने और उनके परिजनों तक जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया गया।
हादसे से बचने वाले कुछ लोगों ने बताया कि सबसे पहले मंच के पास लगे सर्किट ब्रेकर से धुआं निकलता दिखाई दिया। इसके बाद बिजली चली गई और अचानक धमाका हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई।
बैंकॉक गवर्नर ने बताया कि शुरुआती जांच में पब की छत पूरी तरह जल चुकी थी। वहीं, ज्यादातर प्लास्टिक की कुर्सियां सुरक्षित मिलीं। इससे संकेत मिलता है कि आग से ज्यादा जहरीले धुएं ने लोगों को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने आशंका जताई कि बिजली जाने के बाद कई लोग अंधेरे में रास्ता भटक गए होंगे और आपातकालीन निकास तक नहीं पहुंच पाए।
स्थानीय मीडिया के अनुसार इस पब को लाइव म्यूजिक रेस्टोरेंट के रूप में लाइसेंस मिला हुआ था और वहां दो आपातकालीन निकास मौजूद थे। अब अधिकारी यह जांच कर रहे हैं कि हादसे के समय कोई निकास बंद तो नहीं था या सुरक्षा नियमों में कोई लापरवाही हुई थी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक मृतकों में नौ पुरुष और 18 महिलाएं शामिल हैं। इनमें से कई लोगों के शव पब के टॉयलेट क्षेत्र के पास मिले, जिससे बचाव कार्य और सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल उठ रहे हैं।