Dark Mode
रोम में वैश्विक मंच पर लोक प्रशासन और गवर्नेंस पर भारत का दृष्टिकोण रखेंगे मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास

रोम में वैश्विक मंच पर लोक प्रशासन और गवर्नेंस पर भारत का दृष्टिकोण रखेंगे मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास

जयपुर। राजस्थान के मुख्य सचिव एवं इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एडमिनिस्ट्रेटिव साइंसेज (IIAS) के अध्यक्ष श्री वी. श्रीनिवास अगले सप्ताह इटली के रोम में लोक प्रशासन और गवर्नेंस से जुड़े प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का दृष्टिकोण साझा करेंगे। श्री श्रीनिवास 25 अगस्त को सैपिएन्जा यूनिवर्सिटी ऑफ रोम में आयोजित 51वें यूरोपियन ग्रुप फॉर पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन (EGPA) वार्षिक सम्मेलन में अध्यक्षीय संबोधन देंगे। इस वर्ष 24 से 27 अगस्त तक आयोजित होने वाला ईजीपीए वार्षिक सम्मेलन लोक प्रशासन के क्षेत्र में संगठन का प्रमुख आयोजन है। प्रत्येक वर्ष अलग-अलग यूरोपीय देश में आयोजित होने वाला यह सम्मेलन दुनियाभर के शिक्षाविदों, लोक प्रशासन से जुड़े प्रैक्टिशनर्स और युवा शोधकर्ताओं को सार्वजनिक प्रशासन, गवर्नेंस और पब्लिक पॉलिसी के नवीनतम विषयों पर संवाद और ज्ञान के आदान-प्रदान के लिए साझा मंच प्रदान करता है। EGPA 2026 सम्मेलन में 600 से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है, जबकि 70 से अधिक देशों से लगभग 900 शोध प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। सम्मेलन में ईजीपीए की अध्यक्ष प्रो. सबीने कुहलमान तथा ईजीपीए-2026 सम्मेलन की अध्यक्ष एवं सैपिएन्जा यूनिवर्सिटी ऑफ रोम की प्रो. नोएमी रॉसी सहित विभिन्न देशों के प्रतिष्ठित शिक्षाविद्, विशेषज्ञ और लोक प्रशासन से जुड़े प्रतिनिधि भाग लेंगे। सम्मेलन की थीम “Public Governance for the Common Good: Human Intelligence Serving the Global Community” है। सम्मेलन में ईजीपीए के परमानेंट स्टडी ग्रुप्स के विशेष सत्रों के साथ विभिन्न विषयों पर पैनल और कार्यशालाएं आयोजित होंगी। इनमें लोक प्रशासन और गवर्नेंस से जुड़ी समकालीन चुनौतियों, नवाचारों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर विचार-विमर्श किया जाएगा। 24 से 28 अगस्त तक अपने रोम प्रवास के दौरान श्री श्रीनिवास ईजीपीए स्टीयरिंग कमेटी और परमानेंट स्टडी ग्रुप्स को भी संबोधित करेंगे। वे ट्रांसअटलांटिक डायलॉग और मेडिटेरेनियन डायलॉग में भी भाग लेंगे, जहां विभिन्न देशों के विशेषज्ञों के साथ लोक प्रशासन के भविष्य और वैश्विक सहयोग से जुड़े विषयों पर विमर्श होगा। उल्लेखनीय है कि जून 2025 में श्री वी. श्रीनिवास इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एडमिनिस्ट्रेटिव साइंसेज (IIAS) के अध्यक्ष निर्वाचित होने वाले पहले भारतीय बने। उन्होंने इस दौरान संस्थान को प्रभावी नेतृत्व प्रदान करते हुए इसकी वैश्विक भूमिका को और सुदृढ़ किया तथा उत्कृष्टता के नए आयाम स्थापित किए। यह लगातार दूसरा अवसर होगा जब श्री वी. श्रीनिवास ईजीपीए वार्षिक सम्मेलन में अध्यक्षीय संबोधन देंगे। इससे पूर्व अगस्त 2025 में उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ ग्लासगो, स्कॉटलैंड में आयोजित ईजीपीए के 50वें वर्षगांठ सम्मेलन में “EGPA@50 – Role of EGPA in a Global Context” विषय पर अध्यक्षीय संबोधन दिया था। ग्लासगो सम्मेलन ईजीपीए के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा सम्मेलन था। अपने संबोधन में श्री श्रीनिवास ने वैश्विक संदर्भ में लोक प्रशासन की भूमिका तथा विभिन्न देशों और प्रशासनिक संस्थाओं के बीच ज्ञान और श्रेष्ठ प्रशासनिक अनुभवों के आदान-प्रदान को सुदृढ़ करने पर बल दिया था। श्री श्रीनिवास 29 अगस्त को IIAS की काउंसिल ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन के सदस्यों के साथ वेटिकन सिटी में पोप से शिष्टाचार भेंट भी करेंगे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!