मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव‘‘ का हुआ आयोजन
मुख्यमंत्री ने किया विभिन्न विभागों के नवनियुक्त कार्मिकों से वर्चुअली संवाद
प्रभारी मंत्री के मुख्य आतिथ्य में पी.जी. कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम
झालावाड़। प्रदेश में विभिन्न विभागों के नवनियुक्त कार्मिकों के लिए शनिवार को मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में ‘‘मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव’’ का राज्य स्तरीय कार्यक्रम टैगोर इंटरनेशनल स्कूल के ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। उक्त राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ प्रदेश के समस्त जिलों में भी जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने वाले कुछ चुने हुए कार्मिकों से मुख्यमंत्री द्वारा वर्चुअली संवाद किया गया।
झालावाड़ जिले में ‘‘मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव‘‘ का जिला स्तरीय कार्यक्रम ग्रामीण विकास, पंचायतीराज, आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के राज्य मंत्री एवं झालावाड़ जिले के प्रभारी मंत्री श्री ओटाराम देवासी के मुख्य आतिथ्य में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित नव नियुक्त कार्मिकों को सम्बोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि देश के विकास में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। इसलिए प्रदेश के युवाओं को रोजगार के नये अवसर प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार प्रदान करने के अपने वादे को निभाया है उसी के तहत ‘‘मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव‘‘ के माध्यम से प्रदेश के करीब 20 हजार नव नियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए हैं।
उन्हांेने कहा कि झालावाड़ जिले का प्रभारी मंत्री होने के नाते जिले का विकास एवं अधिक से अधिक लोगों को प्रदेश सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं में लाभान्वित करवाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही जिले में विभिन्न विभागों में चल रहे रिक्त पदों को भी भरवाए जाने का प्रयास किया जाएगा।
उक्त कार्यक्रम में झालावाड़ जिले के विभिन्न विभागों के नव नियुक्त 514 कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस दौरान प्राथमिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, वन, गृह एवं पशुपालन विभाग सहित विभिन्न विभागों के नवनियुक्त कार्मिकों ने भाग लिया। वहीं कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी कार्मिकों को स्वागत किट प्रदान किये गए।
झालावाड़ में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला प्रमुख प्रेम बाई दांगी, मनोहरथाना विधायक गोविन्द रानीपुरिया, डग विधायक कालूराम मेघवाल, अन्ता विधायक कंवरलाल मीणा, जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़, पूर्व विधायक नरेन्द्र नागर, नगर परिषद् के सभापति संजय शुक्ला, अतिरिक्त जिला कलक्टर सत्यनारायण आमेटा, जिला परिषद् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शम्भु दयाल मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महिला अनुसंधान सेल विजय कुमार, उपखण्ड अधिकारी झालावाड़ संतोष कुमार मीणा, पुलिस उपाधीक्षक हर्षराज सिंह खरेड़ा, उप जिला प्रमुख बेनाथ मीणा, संजय जैन ताऊ, संजय वर्मा, झालरापाटन प्रधान भावना झाला, प्रधान सीता बाई भील सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में नव नियुक्त कार्मिक उपस्थित रहे।