Dark Mode
मुख्यमंत्री की मंशा हो रही है साकार

मुख्यमंत्री की मंशा हो रही है साकार

अब गांवों में भी कोई भूखा नहीं सोएगा, उदयपुर के 12 गांवों में खुलेगी इंदिरा रसोई


उदयपुर । मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा प्रदेश में ‘कोई भूखा न सोए‘ के मिशन को शुरू करते हुए राजस्थान के विभिन्न जिलों में इंदिरा रसोई की शुरुआत की गई जहां आमजन को 8 रुपए में बैठाकर खाना खिलाने की व्यवस्था है। इस मिशन को आगे बढ़ाने के लिए अब सरकार ने प्रदेश के शहरी इलाकों के साथ-साथ ग्रामीण कस्बों में भी इसकी शुरुआत करने का निर्णय किया है।
जिला कलक्टर ताराचंद मीणा ने बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मंशा को साकार करते हुए राज्य सरकार की ओर से गांवों में भी इंदिरा रसोई का संचालन किया जा रहा है। अब शहरों के साथ गांवों में भी कोई भूखा नहीं सोएगा। इस संबंध में वि¬त्तीय वर्ष 2023-24 बजट घोषणा के तहत उदयपुर जिले के 12 ग्रामीण क्षेत्रों में इंदिरा रसोई का संचालन किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक तैयारियंा शुरू की दी गई है। उन्होंने बताया कि उदयपुर जिले के तितरड़ी, कागदर भाटिया, मेनार, पडूणा, खेरोदा, कोटड़ा, रूण्डेडा, बोखाड़ा, भबराणा, नयावास, डबोक व झाड़ोल क्षेत्र में नवीन इंदिरा रसोई का संचालन प्रस्तावित है।
शहर की तर्ज पर गांव में जमीन देगी सरकार
कलक्टर ने बताया कि शहरों में खुली रसोई की तर्ज पर ही गांवों में भी रसोई के लिए सरकार जगह या जमीन फ्री उपलब्ध करवाएगी। इसके लिए ब्लॉक विकास अधिकारी व जिला परिषद सीईओ को जिम्मेदारी दी गई है। हर जिले में कलेक्टर की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई है, जो टेंडर करके रसोई का संचालन करने वाली फर्म या संस्था का चयन करेगी।
8 रुपए में मिलता है खाना
नगर निगम आयुक्त वासुदेव मालावत ने बताया कि सरकार की ओर से इस किचन में आमजन को 8 रुपए में दिन और 8 रुपए में शाम का भोजन उपलब्ध करवाया जाता है। इसमें दाल, सब्जी, चपाती और आचार दिया जाता है। हर दिन एक रसोई में अधिकतम 200 लोगों (100 सुबह और 100 शाम) के खाने की व्यवस्था रहती है। सरकार ने कोविड के समय इस रसोई का शुभारम्भ किया था। वर्तमान में जिले में कुल 40. इंदिरा रसोई संचालित है।
यह है गाइडलाइन
राज्य सरकार द्वारा तय गाइड लाइन अनुसार राज्य में कुल 901 कस्बों में नई इंदिरा रसोई खोली जानी है। इसमें 5 से 10 हजार की जनसंख्या वाले कसबों में एक, 10 से 20 हजार की जनसंख्या वाले कस्बे में 2 और 20 हजार से ज्यादा जनसंख्या वाले कस्बे में 3 रसोई खोली जाएगी।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!