पुलिस थाने में सीएलजी व शांति समिति की हुई बैठक
बीदासर। पुलिस थाना परिसर में होली व शब ऐ बारात पर्व को लेकर बुधवार को उपखंड अधिकारी रमेश कुमार की अध्यक्षता में सीएलजी व शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। एसडीएम रमेश कुमार ने कहा कि आपसी भाईचारे के इन त्योहारों को हर्षोल्लास के साथ बिना किसी भय के सौहार्द व शांति से मनाए, और पुलिस को असमाजिक तत्वों पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। एसडीएम ने पूर्व में एक महिला के साथ एटीएम कार्ड बदलकर हुई धोखाधड़ी के मामले में पुलिस द्वारा तुरंत कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार करने पर पुलिस की भूरी भूरी प्रसंशा की उन्होंने कहा कि मेरे नजर में यह पहला मामला सामने आया है जिसमे पुलिस ने ततपरता से कार्रवाई कर फ्रॉड करने वालों को गिरफ्तार किया है। इससे अपराध करने वालों में भय पैदा होगा और अपराध पर अंकुश भी लगेगा, साथ ही क्षेत्र के लोगों में पुलिस के प्रति अच्छा सन्देश पहुंचा है। डीएसपी प्रहलाद राय ने कहा कि आपसी स्नेह और प्रेम से त्यौहार मनाना है कानून व शांति व्यवस्था बनाने में पुलिस का सहयोग करें तथा शांतिभंग की आशंका होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दे। थानाधिकारी जगदीश सिंह ने अपराधों पर अंकुश लगाने को लेकर उपस्थित लोगों से भामाशाओं को प्रेरित कर कस्बे में सीसीटीवी कैमरे लगवाने को कहा। भागीरथ गुरु ने अपने सुझाव देते हुए कहा कि होली के दिनों में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सरकारी संपति, नगर पालिका की रोड़ लाईटे, दुकानों के आगे रखी सीढ़ियां, तख्तों को तोड़कर नुकसान पहुंचाया जाता है, जिसको लेकर कस्बे में लाउड स्पीकर से अनाउंसमेंट कराकर पाबंद कराया जाए। पालिका उपाध्यक्ष मेराज उल हसन छींपा ने कहा कि होली पर्व पर दड़ीबा व बीदासर में होने वाले गींदड़ नृत्य आयोजन में पालिका की ओर से टैंट, लाईट, साउंड, सफाई व्यवस्था करवाई जाएगी। इस मौके पर तहसीलदार द्वारका प्रसाद शर्मा, नायब तहसीलदार सुभाष चंद्र छींपा, नगर कांग्रेस अध्यक्ष जेठाराम यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष अरुण तिवारी, दड़ीबा गींदड़ समिति के अध्यक्ष गोपाल प्रजापत, बीदासर के मालचंद दर्जी, व्यापार मंडल अध्यक्ष रमेश कुमार टांटिया, अफजल हुसैन, नथमल भोभरिया, शिव कुमार अग्रवाल, मदनलाल बोरावड़, गुलाम रसूल बल्ख़ी, जवाहरसिंह राठौड़, गिरधारीलाल मेहला, सांवरमल नाई, दिलीपसिंह राजपुरोहित, महेंद्र माली आदि उपस्थित रहे।