कलेक्टर ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बुलाई बैठक
फ्लैगशिप योजनाओं, बजट घोषणाओं और
बीस सूत्री कार्यक्रम का समुचित लाभ आमजन को मिले -कलेक्टर
उदयपुर । जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा ने मंगलवार सुबह जिला परिषद सभागार में फ्लैगशिप योजनाओं, बजट घोषणाओं एवं बीस सूत्री कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। कलेक्टर ने सभी योजनाओं से अधिकाधिक लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने बजट घोषणाओं की क्रियान्विति को लेकर भूमि आवंटन का कार्य शीघ्र पूरा करने एवं समय पर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। जिला परिषद सीईओ मयंक मनीष ने कहा की शीघ्र ही राज्य सरकार द्वारा वीसी लेकर फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा की जानी है, ऐसे में सभी अधिकारी अधिकाधिक लोगों को लाभान्वित कर प्रगति से अवगत करावें।
चिरंजीवी में अभियान चलाकर करें पंजीयन:
कलेक्टर ने बैठक में मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना की समीक्षा की और निर्देश दिए कि अभियान चला कर शेष परिवारों का इसमें पंजीयन किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इस योजना का दायरा बढ़ा कर अब 25 लाख रुपए कर दिया है, ऐसे में हर परिवार को इसमें पंजीयन करना ही चाहिए जिससे उन्हें लाभ मिल सके। चिरंजीवी का पंजीयन बढ़ाने के लिए अन्य जिलों की बेस्ट प्रेक्टिसेज अपनाने की बात कही। इसके अलावा कलेक्टर ने एनएफएसए में अधिकाधिक पात्र परिवारों का पंजीयन कर उन्हें लभान्वित करने के निर्देश दिए।
हर विभाग से पूछी प्रगति रिपोर्ट:
बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना, मुख्यमंत्री निःशुल्क जांच योजना, शुद्ध के लिए युद्ध अभियान, कन्यादान योजना सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा की। शुद्ध के लिए युद्ध की समीक्षा के दौरान छोटे-मोटे दुकानदारों के बजाय बड़ी फेक्ट्रियों पर नकेल कसने और मिलावट पर रोकथाम के निर्देश दिए। कन्यादान योजना का व्यापक प्रचार करते हुए अधिकाधिक परिवारों को लाभान्वित करने की बात कही। ऐसे ही राजस्थान कृषि प्रसंस्करण योजना, रिप्स योजना, एमएसएमई एक्ट, मुख्यमंत्री किसान मित्र ऊर्जा योजना, काली बाई भील मेधावी छात्रा स्कूटी वितरण योजना, देवनारायण स्कूटी वितरण योजना आदि की समीक्षा की। ऐसे ही इंदिरा रसोई, शहरी क्रेडिट कार्ड, एक रुपए किलो गेहंू आदि पर चर्चा कर दिशा-निर्देश दिए।
बजट घोषणाएं समय पर करें पूरी -कलेक्टर
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री बजट घोषणाओं की क्रियान्विति पर भी अधिकारियों से चर्चा की। बैठक के दौरान उन्होंने मिनी फूड पार्क, मायरा की गुफा विकास कार्य, रानी रोड कार्य, पशु आहार गुणवत्ता, दुधारू गोवंश की नस्लों का संरक्षण, शहरी जल प्रदाय योजना भींडर पुनर्गठन कार्य, नाइट स्काई एस्ट्रो टूरिज्म, सिंथेटिक एथलेटिक ट्रेक सहित अन्य विकास कार्यों पर चर्चा की। उन्होंने बीस सूत्री कार्यक्रम से जुड़ी योजनाओं की प्रगति जानकर बीस सूत्री कार्यक्रम में उदयपुर के दूसरे स्थान पर होने को सराहा और प्रयास कर प्रथम आने के निर्देश दिए।