Dark Mode
कांग्रेस की मोहब्बत की दुकान उगल रही है लूट का सामान - सीपी जोशी

कांग्रेस की मोहब्बत की दुकान उगल रही है लूट का सामान - सीपी जोशी


लूट, झूठ और फ़ूट डालना ही कांग्रेस के पतन का असली कारण - सीपी जोशी

जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने झारखण्ड से कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज साहू के यहां इनकम टैक्स की कार्रवाई में काले धन का पहाड़ मिलने पर कांग्रेस को जमकर घेरा।

सीपी जोशी ने आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता कर कहा कि कांग्रेस की मोहब्बत की दुकान में लूट के धन का इतना बड़ा जखीरा मिला है जिसे गिनते गिनते कई घंटे हो गए और पैसे गिनने वाली मशीनें भी खराब हो गई, लेकिन गिनती अभी तक भी पूरी नहीं हो पाई।  उन्होंने कहा लूट, झूठ और देश में फूट डालना ही कांग्रेस के पतन का असली कारण है। भ्रष्टाचार पर कांग्रेस का लंबा इतिहास है। जीप घोटाला, बोफोर्स घोटाला, यूरिया घोटाला, आदर्श सोसायटी घोटाला, कॉमनवेल्थ गेम्स घोटाले जैसे अनेक बड़े भ्रष्टाचार कांग्रेस शासन काल में हुए। जब इनके एक राज्य सभा सांसद के यहां इतना काला धन मिला है तो आजादी से लेकर अब तक किए इतने घोटालों में कांग्रेस ने कितनी आलमारियां भरी होगी। जब केंद्र की जांच एजेंसियां इन भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई करती है तो यह केंद्र सरकार की आलोचना करते हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि कांग्रेस राज्य सभा सांसद धीरज साहू राहुल गांधी के बहुत करीबी है। उनके साथ कई कार्यक्रमों में साथ नजर आते हैं। इन सांसद के पास 2019 में भी एयरपोर्ट पर लाखों रुपए नकद पकड़े गए थे। इनके चुनावी हलफनामे में इन्होंने अपनी संपत्ति क्या दिखाई और वास्तविकता में कितनी मिली, आज पूरा देश देख रहा है। कांग्रेस ने जनता की गाढ़ी कमाई खाई, यह सच जनता के सामने आ चुका है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि कांग्रेस की नस नस और रग रग में भ्रष्टाचार भरा है, इनका और भ्रष्टाचार का चोली दामन का साथ है। राजस्थान में पांच वर्षों में कांग्रेस ने जमकर भ्रष्टाचार किया है। जल जीवन मिशन, पेपर लीक, पोषाहार में भ्रष्टाचार, सरकारी कार्यालयों में काला धन मिलना जैसे अनेक भ्रष्टाचार के मामले हुए हैं। खुद इनके ओएसडी गहलोत सरकार के भ्रष्टाचार की पोल खोल चुके हैं।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि भाजपा और केन्द्र की मोदी सरकार ने देश से भ्रष्टाचार को समाप्त करने का संकल्प लिया है, जिससे भ्रष्टाचारियों में भय व्याप्त है। इस मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए कहा है कि ’’जनता से जो लूटा है उसकी पाई पाई चुकानी पड़ेगी, यह मोदी की गारंटी है।’’

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!