बाघों का संरक्षण हमारा सामूहिक दायित्व: संभागीय आयुक्त सांवर मल वर्मा
सवाई माधोपुर । अन्तर्राष्ट्रीय बाघ दिवस 29 जुलाई के अवसर पर रणथम्भौर बाघ परियोजना (प्रथम) सवाई माधोपुर द्वारा बाघों को बचाएं थीम पर रणथम्भौर नेशनल रिसोर्ट में शुक्रवार को संभागीय आयुक्त भरतपुर सांवर मल वर्मा के मुख्य आतिथ्य में पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में संभागीय आयुक्त ने बाघ संरक्षण के लिए 25 जुलाई को आयोजित हुई चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित करने के पश्चात सम्बोधित करते हुए संभागीय आयुक्त ने कहा कि बाघों का संरक्षण हमारा सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि जंगल है तो बाघ हैं, बाघ हैं तो हम हैं। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरन अधिक से अधिक पौधारोपण कर अपने आस पास के क्षेत्र को हरा भरा कर पर्यावरण संरक्षण करें।
जिला कलक्टर सुरेश कुमार ओला ने कहा कि बाघ सवाई माधोपुर में रहने वाले हजारों लोगों की आजीविका का माध्यम है। हम इनके संरक्षण के लिए आगे आएं। उन्होंने वन विभाग को बाघों की बच्चों के तरह देखभाल करने पर वन विभाग के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रशासन वन विभाग एवं नागरिक समिति वन संरक्षण में अमूल्य योगदान है।
जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अगरवाला ने कहा कि रणथम्भौर टाईगर रिजर्व का मुख्य आकर्षण बाघ हैं। उन्होंने कहा कि रणथम्भौर का विश्व पटल पर छाने का मूल कारण वन विभाग का कठिन परिश्रम है।
इस अवसर पर सामाजिक वानिकी विभाग के उप वन संरक्षक श्रवण कुमार रेड्डी ने भी वन विभाग की प्रशंसा की। उप वन संरक्षक एवं उप क्षेत्र निदेशक रणथम्भौर बाघ परियोजना मोहित गुप्ता ने बताया कि वन विभाग द्वारा बाघ संरक्षण के उद्देश्य से 25 जुलाई को शिक्षा विभाग के माध्यम से 200 विद्यालयों में चित्रकलां एवं महाविद्यालयों में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था जिसके विजेताओं को कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया है। इस दौरान उन्होंने सभी का धन्यवाद भी ज्ञापित किया है।
इसके पश्चात सभी पुरस्कृत विद्यार्थियों एवं उपस्थितजन को रणथम्भौर टाईगर रिजर्व का भ्रमण करवाया। इसके पश्चात बाघ परियोजना के स्टाफ की सरिसृप पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें रणथम्भौर बाघ परियोजना के स्टॉफ को सरीसृप सांप, मगरमच्छ इत्यादि पकड़ने के गुर सिखाएं गए।
इस दौरान प्रशिक्षु आई.ए.एस. सहायक कलक्टर यशार्थ शेखर, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी गोविन्द बंसल सहित अन्य अधिकारी, विद्यालय एवं महाविद्यालय छात्र-छात्राएं उपस्थित रहें।