कुक कम हेल्पर ने 11 सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन
दौसा . दौसा जिला कलेक्ट्रेट पर कुक कम हेल्पर संघर्ष समिति की ओर से प्रदेश उपाध्यक्ष हरिकिशन चौधरी के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान 11 सूत्रीय मांगों को पूरा करने की सरकार से मांग की गई। जिसमें सैलरी बढ़ाना, नियमित करना, दुर्घटना बीमा, वृद्धावस्था में पेंशन, छुट्टियों का वेतन सहित अन्य कई मांगे सरकार से रखी गई हैं। कुक कम हेल्पर द्वारादिए गये ज्ञापन में मुख्य मांगों में राजस्थान अंशकालिक संविदा भर्ती नियम के स्थान पर फुल टाईम किया जाए क्योंकि हम विद्यालय में पूरे दिन काम करते हैं। मानदेय 2003 रुपए से बढ़ाकर 18 हजार किया जाए। कुछ स्कूलों में कुक कम हैल्पर को बार-बार हटाया जाता है। जो 10 से 15 साल से कार्यरत है उन्हें स्थायी किया जाए। वेतन प्रतिमाह बैंक खाते में आए। उन्होंने बताया कि कई बार 6 माह तक वेतन नहीं आने से घर चलाना मुश्किल हो जाता है। अन्य सरकारी कर्मचारियों की तरह ही कुक कम हेल्पर का बीमा किया जाए। वर्ष में दो बार खाना बनाने की पोशाक दी जाए। प्रबोधक व विद्यालय सहायक की तर्ज पर राज्य सरकार नियमानुसार स्थायीकरण करें। राज्य कर्मचारियों की तर्ज पर वृद्धावस्था पेंशन व मेडिकल सुविधा दी जाए। इसके साथ ही ग्रीष्म कालीन, दीपावली व शीत कालीन अवकाश मानदेय दिया जाए। शहरी क्षेत्रों में एनजीओ द्वारा भोजन दिया जाने वाला भोजन बंद करके एसएमसी के द्वारा ही भोजन तैयार करवाया जाए। हेल्पर मंजू सैन ने बताया कि अगर सरकार हमारी मांगों को पूरा नहीं करती है तो 23 मई को जयपुर स्थित शहीद स्मारक पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इसके बाद भी अगर सरकार उनकी नहीं सुनती है तो 1 अगस्त को सभी कुक कम हेल्पर अपना काम बंद कर अवकाश पर चले जाएंगे।