अपराधियों को नहीं बख्शा जाएगा ..परिस देशमुख
सूरतगढ .जिला पुलिस अधीक्षक परिस देशमुख ने सूरतगढ़ डीएसपी कार्यालय व सिटी थाने का वार्षिक निरीक्षण व सर्किल के थाना अधिकारियों के साथ बैठक कर फीडबैक लिया। डीएसपी कार्यालय में चारों थाने सूरतगढ़ सिटी, सदर, जैतसर, राजियासर के थाना अधिकारियों व अनुसंधान अधिकारियों के साथ बैठक कर सर्किल कार्यालयों लंबित फाइलों को लेकर चर्चा की। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशाखोरी पर नियंत्रण करने के लिए टीम बनाकर लगातार कार्रवाई जरूरी है। तभी नशे के कारोबार करने वालों पर अंकुश लगेगा। सामूहिक अपराध के अलावा हर घटना पर नियंत्रण रखने के लिए जागरूक रहकर कार्रवाई होनी चाहिए। एसपी के सिटी थाना परिसर पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। एसपी ने थाना परिसर का निरीक्षण करते हुए थाना प्रभारी कृष्ण कुमार को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
वही सिटी थाने की मेस में पुलिस अधीक्षक ने दोपहर का खाना खाया उसके बाद पुलिस जवानों के साथ चर्चा की कंप्यूटर कक्ष एचएम कक्ष व हथियारों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक ने संतोष जताया। भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री विनोद सारस्वत के नेतृत्व में युवाओं ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा जिसमें शहर में हो रही चोरियां और नशे को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की, किसान नेता राकेश बिश्नोई ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए यातायात कर्मियों की संख्या बढ़ाने की मांग की।
पुलिस अधीक्षक ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि सूरतगढ़ शहर शिक्षा का हब बनता जा रहा है इसको लेकर बाहर से आने वाल छात्र-छात्राओं की संख्या काफी तेजी से बढ़ रही है जिसके साथ साथ अपराध भी बढ़ रहे हैं। शहर में हॉस्टल पीजी काफी संख्या में है। उनके संचालकों को हॉस्टल में रह रहे छात्र छात्राओं का पुलिस वेरीफिकेशन करवाने के लिए पाबंद किया जाएगा। नशा करने वाले व नशा बेचने वालों के खिलाफ भी पुलिस सख्त कार्यवाही करेगी। पुलिस अधीक्षक के निरीक्षण के दौरान डीएसपी किशन सिंह सिटी थाना अधिकारी कृष्ण कुमार सदर थाना अधिकारी सुभाष बरोला राजियासर थाना अधिकारी सत्यनारायण गोदारा जैतसर थानाधिकारी विक्रम चौहान सहित सर्किल के अनुसंधान अधिकारी मौजूद रहे।