ज्ञानोदय परीक्षा में उमड़ा विद्यार्थियों का हुजूम
सीकर। फतेहपुर के श्री नाथ हरी भैरूं ट्रस्ट द्वारा भाजपा नेता और शिक्षक श्रवण चौधरी के निर्देशन में फतेहपुर क्षेत्र के बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए आयोजित की गई ज्ञानोदय परीक्षा में विद्यार्थियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इस परीक्षा के कक्षा 10 के लिए गणित, कक्षा 12 विज्ञान वर्ग के लिए भौतिक विज्ञान तथा कला व वाणिज्य संकाय के लिए अंग्रेजी अनिवार्य की प्री बोर्ड परीक्षा आयोजित की गई। पूरे क्षेत्र में 80 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। अभिभावकों और विद्यार्थियों में परीक्षा को लेकर सकारात्मकता देखने को मिली। अभिभावकों ने बताया की राजनीति के क्षेत्र में शिक्षा की यह एक अनूठी पहल है और इस प्रकार की परीक्षा फतेहपुर क्षेत्र में पहली बार आयोजित की जा रही है। इस अवसर पर आयोजक श्रवण चौधरी ने कहा कि मेरा उद्देश्य फतेहपुर क्षेत्र का सर्वांगीण विकास करना है और इसके लिए मजबूत शिक्षा तंत्र की आवश्यकता है। मैं हरसंभव कोशिश करूंगा कि मेरे अनुभव और स्त्रोत का भरपूर फायदा फतेहपुर के बच्चों को मिले। हजारों की संख्या में परीक्षा में शामिल होकर शिक्षा को समर्पित श्री नाथ हरी भैंरू ट्रस्ट के निर्णय पर फतेहपुर के छात्रों और अभिभावकों ने अपना विश्वास जताया। परीक्षा के बाद छात्रों ने बताया की पेपर का स्तर बहुत अच्छा था और यह प्री बोर्ड परीक्षा उनके लिए बोर्ड परीक्षा में आत्मविश्वास बढ़ाने का काम करेगी। भाजपा नेता श्रवण चौधरी ने कहा की हम वचनबद्ध है कि समय के साथ और अधिक परीक्षाओं, काउंसलिंग सत्र, अभिभावक जागरूकता सेमिनार आदि के माध्यम से क्षेत्र में शिक्षा के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे।