डेयरी के सिक्योरिटी कर्मी पर चाकू से हमला
भीलवाड़ा। डेयरी में सिक्यूरिटीकर्मी के रूप में काम कर रहे एक युवक पर शुक्रवार दोपहर शहर के मजदूर चौराहे के नजदीक कार से आये लोगों ने चाकू व सरियों से जानलेवा हमला कर दिया। घायल युवक को एमजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
सीओ सदर रामचंद्र चौधरी ने बताया कि जोधड़ास निवासी विनोद (25) पुत्र भंवरलाल गुर्जर भीलवाड़ा डेयरी में सिक्यूरिटी कर्मचारी है। विनोद, शुक्रवार दोपहर किसी काम से शहर आया, जो पुन: बाइक से घर लौट रहा था। मजदूर चौराहे के नजदीक गायत्री आश्रम रोड़ पर स्विफ्ट कार से आये रामजस गुर्जर, सांवर डोगरीवाल व दो-तीन अन्य लोगों ने विनोद को रुकवा लिया। इसके बाद इन लोगों ने उस पर चाकू व सरियों से हमला किया। हमले में विनोद के सिर व पीठ पर गंभीर चोट आई। विनोद को उपचार के लिए एमजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे भर्ती कर लिया गया। चाकूबाजी की सूचना पर सीओ सदर चौधरी, सुभाषनगर थाने से एएसआई नरेश कुमार, दीवान गोविंद सिंह अस्पताल पहुंचे और विनोद से घटना की जानकारी लेते हुये उसके बयान दर्ज किये। पुलिस ने विनोद के बयान पर मामला दर्ज कर मामले की जाँच शुरू की है।