Dark Mode
दार्जिलिंग चाय को मिलेगी ग्लोबल पहचान, सरकार शुरू करेगी अंतरराष्ट्रीय अभियान

दार्जिलिंग चाय को मिलेगी ग्लोबल पहचान, सरकार शुरू करेगी अंतरराष्ट्रीय अभियान

नई दिल्ली। दार्जिलिंग की मशहूर चाय को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाने के लिए केंद्र सरकार ने पहल शुरू की है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने घोषणा की है कि दार्जिलिंग चाय के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए वैश्विक स्तर पर विशेष मार्केटिंग अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही निर्यातकों को माल ढुलाई की ऊंची लागत से राहत देने के लिए भी विशेष सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

कुर्सियांग में आयोजित 'चाय पे चर्चा' कार्यक्रम के दौरान गोयल ने चाय उद्योग से जुड़े उत्पादकों, कारोबारियों और अन्य हितधारकों के साथ बातचीत की। इस दौरान उद्योग की समस्याओं और निर्यात बढ़ाने के उपायों पर सुझाव लिए गए। मंत्री ने बताया कि निर्यात संवर्धन मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय मार्केटिंग अभियान शुरू करने का निर्णय लिया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि दार्जिलिंग और अन्य चाय उत्पादक क्षेत्रों के निर्यातकों को चाय को बाजार तक पहुंचाने में अधिक अंतर्देशीय माल ढुलाई खर्च उठाना पड़ता है। इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय चाय की प्रतिस्पर्धात्मकता प्रभावित होती है। सरकार इस समस्या को देखते हुए निर्यातकों को विशेष सहायता देने की योजना पर काम करेगी।

जीआई टैग के दुरुपयोग पर भी होगी कार्रवाई

सरकार की योजना सिर्फ निर्यात बढ़ाने तक सीमित नहीं है। दार्जिलिंग चाय की पहचान और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए भौगोलिक संकेतक (जीआई) टैग के दुरुपयोग को रोकने पर भी जोर दिया जाएगा। इसके अलावा चाय की नीलामी व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने और टी बोर्ड से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरल करने की दिशा में भी कदम उठाए जाएंगे।

पीयूष गोयल के मुताबिक, उद्योग प्रतिनिधियों ने 'चाय पे चर्चा' के दौरान कई व्यावहारिक सुझाव दिए। इनमें कारोबारी सुगमता, टी बोर्ड की प्रक्रियाओं और निर्यात से जुड़ी चुनौतियों का मुद्दा प्रमुख रहा। उन्होंने बताया कि कुछ सुझावों पर तत्काल निर्णय भी लिए गए हैं।

दुनियाभर में खास पहचान रखती है दार्जिलिंग चाय

दार्जिलिंग चाय को उसकी खुशबू, स्वाद और विशिष्ट गुणवत्ता के कारण दुनिया की प्रतिष्ठित चायों में गिना जाता है। वर्ष 2004 में इसे भौगोलिक संकेतक (जीआई) टैग मिला था। यह जीआई टैग हासिल करने वाला भारत का पहला उत्पाद बना था। हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में उत्पादन में गिरावट और दूसरी चुनौतियों ने इस उद्योग के सामने मुश्किलें खड़ी की हैं।

गोयल ने कहा कि भारत दुनिया में काली चाय का सबसे बड़ा उत्पादक और कुल चाय उत्पादन के मामले में दूसरा सबसे बड़ा देश है। भारतीय चाय की मांग कई देशों में है। ऐसे में गुणवत्ता सुधार, बेहतर ब्रांडिंग और अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) को मजबूत करना जरूरी है, ताकि वैश्विक बाजार में भारतीय चाय अपनी स्थिति बनाए रख सके।

8,718 करोड़ रुपये तक पहुंचा चाय निर्यात

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में भारत का चाय निर्यात बढ़कर करीब 8,718 करोड़ रुपये हो गया। यह पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले लगभग 16 प्रतिशत की वृद्धि है।

सरकार को उम्मीद है कि अंतरराष्ट्रीय प्रचार, माल ढुलाई में सहायता और गुणवत्ता सुधार जैसे कदमों से भारतीय चाय के निर्यात को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। इससे दार्जिलिंग के चाय उत्पादकों और निर्यात कारोबार से जुड़े लोगों को भी लाभ मिलने की संभावना है।

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!