डिलीवरी बॉय ने महिला पर किया जानलेवा हमला
धौलपुर। पुराना शहर मोहल्ले में मंगलवार दोपहर एक डिलीवरी बॉय ने घर में मौजूद महिला के सिर पर सरिए से हमला कर दिया। महिला को उसके पति ने गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां डॉक्टर की देखरेख में उसका इलाज किया जा रहा है। कोतवाली थाना क्षेत्र के पुराना शहर मोहल्ले में घायल हुई महिला जयश्री के पति एए खानजादा ने बताया कि मंगलवार दोपहर वह घर का सामान लेने बाजार गया था। इस दौरान उसकी पत्नी घर पर अकेली थी। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी ने कुछ ऑनलाइन सामान मंगाया था। जिसे देने के लिए उनके घर एक डिलीवरी बॉय पहुंचा। डिलीवरी देने के बाद जब डिलीवरी बॉय ने पानी मांगा, तो उनकी पत्नी पानी लाने के लिए अंदर जाने लगी। इसी दौरान डिलीवरी बॉय ने लोहे के सरिए से उनकी पत्नी के सिर में जोरदार प्रहार कर दिया। जिस हमले में उनकी पत्नी गंभीर घायल हो गई। पत्नी की चीख पुकार सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। आसपास के लोगों को आता देख डिलीवरी बॉय मौके से भाग निकला। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घायल महिला के पति को सूचना दी। जिन्होंने महिला को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया है। घटना के बाद पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है।