किसानों को बारदाना उपलब्ध कराने की मांग
टोंक। किसानों को कृषि उपज मंडी में बारदाना एवं उनके लिए खाने-पीने की उचित व्यवस्था कराने की मांग को लेकर पूर्व सभापति लक्ष्मी जैन, भाजपा नेता विनायक जैन एवं सीता गौतम ने जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल को ज्ञापन सौंपा। लक्ष्मी जैन ने बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा किसानों के लिए कई जन-कल्याणकारी योजनाऐं चलाई जा रही है, लेकिन जिले में बैठे संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा योजनाओं को समय पर पूरा नहीं करने से कृषि उपज मंडी में पिछले कई दिनों से किसानों को पूर्ण तरह से बारदाना नहीं मिल पा रहा है, जिसके चलते किसान तपती धूप में भूखे-प्यासे रहकर बारदाना मिलने की आस में ट्रेक्टर-ट्रॉलियों में रात गुजारने पर मजबूर हो रहे है, जिनके खान-पीने की भी व्यवस्था नहीं की जा रही है। उन्होने बताया कि सरसों व चने की उपज का उचित भाव दिलाने के मकसद से सरकार की ओर से जिले में 29 खरीद केन्द्र खोले गये, उनकी शुरूआत नहीं की गई है। उन्होने जिला प्रशासन से मांग की है कि किसानों को समय पर बारदाना एवं उनके भोजन व ठहरने की व्यवस्था करवाकर राहत प्रदान करें।