श्रीअन्नपूर्णा गणेश मंदिर परिसर से अतिक्रमण हटाने की मांग
टोंक। श्रीअन्नपूर्णा गणेश मंदिर, मेला स्थल एवं सरकारी भूमि पर बाउंड्री वॉल कर अतिक्रमण करने के विरोध में आनंदम संस्था के पदाधिकारियों ने अति. जिला कलेक्टर सुरेश चौधरी को ज्ञापन सौंपकर अतिक्रमण हटाने की मांग की गई है। आनंदम संस्था टोंक के अध्यक्ष भगवान दास गुर्जर, महामंत्री राजेश मूमिया, रवि शर्मा, मुकेश विजय, शैतान सिंह, सोनू शर्मा, मोती पहाडिय़ा, सत्यनारायण, पोखर सेन, सत्यनारायण नामा, सीताराम साहू, रमेश जांगीड़, अवधेश जैन एवं गोरी शंकर सेन आदि ने बताया कि विगत 32 वर्षों से आनंदम संस्था द्वारा अन्नपूर्णा गणेश मंदिर परिसर में गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर दो दिवसीय मेले का आयोजन किया जाता रहा है। उन्होने बताया कि मंदिर के सामने खाली पड़ी सरकारी भूमि पर छोटे-छोटे दुकानदारों द्वारा दुकानें लगाकर अपना जीवनयापन करते आ रहे हैं, कुछ अतिक्रमियों द्वारा अपने खाते की जमीन के अलावा भी सरकारी भूमि पर बाउंड्री वॉल करके कब्जा किया जा रहा है। इस सरकारी भूमि के पास मंदिर पुजारी के खाते की जमीन है। इस जमीन के समीप जिस पर मेले का आयोजन किया जाता रहा है, वह जमीन हाउसिंग बोर्ड टोंक की है। उक्त खसरा नम्बर की जमीने मंदिर के सामने स्थित है, जिस पर कुछ अतिक्रमियों द्वारा कब्जा किया जा रहा है एवं उक्त खसरा नम्बरों के समीप स्थिति जमीन में मंदिर पुजारी कैलाशपुरी की खाते की जमीन के अलावा एवं सरकारी भूमि पर बाहुबलियों के सानिध्य में करोड़ों रूपये की जमीन पर कब्जा किया जा रहा है, जिससे सनातन धर्म प्रेमियों में भारी रोष व्याप्त है। संस्था ने मांग की है कि उक्त हो रहे निर्माण कार्य को तुरन्त रूकवाया जाये एवं मेला स्थल पर हुई बाउंड्री वाल एवं कच्चे पक्के अतिक्रमणों को तुड़वाया जावे, जिससे हर वर्ष भरने वाला मेला आसानी से भर सके एवं हिन्दू समाज में फैल रहे रोष को रोका जा सके। आनन्दम संस्था के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन को अवगत कराया है कि मंदिर भूमि को बचाने के लिए तीन दिन बापद संस्था द्वारा विरोध प्रदर्शन एवं अतिक्रमण स्थल पर धरना प्रदर्शन कर रोष प्रकट किया जायेगा।