नेखमबंदी के बदले मांगी रिश्वत, राजस्व निरीक्षक एसीबी के जाल में फंसा
जयपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बाड़मेर जिले में एक राजस्व निरीक्षक को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बालोतरा एसीबी टीम ने शनिवार को की।
एसीबी के अनुसार, ब्यूरो को एक शिकायत प्राप्त हुई थी जिसमें आरोप लगाया गया था कि जमीन की नेखमबंदी संबंधी कार्य करने के बदले संबंधित अधिकारी द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायतकर्ता ने बताया कि अधिकारी ने कार्य पूर्ण करने के लिए कुल 32 हजार रुपये मांगे थे।
प्राथमिक जांच और सत्यापन के दौरान शिकायत सही पाए जाने पर एसीबी ने कार्रवाई की योजना बनाई। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कैलाशदान जुगतावत के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया और आरोपित को रिश्वत की राशि स्वीकार करते हुए पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार अधिकारी धनराज बाड़मेर जिले की सेड़वा तहसील के सारला क्षेत्र में राजस्व निरीक्षक के पद पर कार्यरत है। आरोप है कि वह पहले ही शिकायतकर्ता से 12 हजार रुपये ले चुका था और शेष राशि के रूप में 18 हजार रुपये की मांग कर रहा था।
एसीबी टीम ने निर्धारित योजना के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपित को 18 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इस तरह की शिकायतें पहले भी तो सामने नहीं आई थीं।