Dark Mode
विकसित कृषि संकल्प अभियान प्रारंभ

विकसित कृषि संकल्प अभियान प्रारंभ

  • किसानों को उन्नत कृषि तकनीक और सरकारी योजनाओं की दी जाएगी जानकारी

कोटपूतली-बहरोड़। किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को उन्नत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिले में विकसित कृषि संकल्प अभियान की शुरुआत 29 मई से कर दी गई है। यह अभियान 12 जून तक चलेगा, जिसमें जिले के विभिन्न गांवों में किसानों को खेती की आधुनिक तकनीकों, प्राकृतिक खेती के तौर-तरीकों और कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। गुरुवार को इस अभियान के तहत कोटपूतली की पंचायत समिति के ग्राम नारहेड़ा, खडब और चुरी में केवीके गोनेड़ा और बानसूर के ग्राम देवसन, हरसौरा व माजरा अहीर सहित बहरोड़ के ग्राम खोर, बसई और नांगल खोड़िया में केवीके बानसूर के कृषि वैज्ञानिकों और कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों से संवाद किया। किसानों को खरीफ फसलों की नवीनतम तकनीकों, मृदा स्वास्थ्य कार्ड के आधार पर उर्वरकों के संतुलित प्रयोग, प्राकृतिक खेती की विधियों और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, मौके पर ही किसानों की खेती से जुड़ी तकनीकी समस्याओं का समाधान भी किया गया। अभियान में महिला किसान, नवाचारी एवं प्रगतिशील किसान और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। कई नवाचार करने वाले किसानों ने अपने अनुभव साझा कर अन्य किसानों को प्रेरित किया। किसानों ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों से उन्हें गांव में ही विशेषज्ञों से मार्गदर्शन मिल रहा है, जिससे समय और संसाधनों की बचत हो रही है। इस अवसर पर कस्टम हायरिंग केंद्रों, राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन जैसी योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई। संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) कोटपूतली-बहरोड़ ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे 12 जून तक चलने वाले इस अभियान में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और खेती से जुड़ी नई तकनीकों व योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!