Dark Mode
विकसित भारत-विकसित राजस्थान लाभार्थी संवाद कार्यक्रम आयोजित

विकसित भारत-विकसित राजस्थान लाभार्थी संवाद कार्यक्रम आयोजित


सरकार छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए हर परिवार के बैंक खाते में सीधे मदद भेजेगी
राजस्थान के विकास के लिए करीब 17 हजार करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण किया
बारां। विकसित भारत-विकसित राजस्थान कार्यक्रम में जिले में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बारां, कृषि उपज मंडी प्रांगण अंता, राजीव गांधी सेवा केन्द्र परिसर सेतकोलू छीपाबड़ौद, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय किशनगंज से हजारों की संख्या में जुड़े हुए आमजनों का अभिनंदन करता हूं और मैं मुख्यमंत्री जी को भी बधाई देता हूं कि उन्होंने टेक्नोलॉजी का इतना शानदार उपयोग करके जन-जन तक पहुंचाने का मुझे अवसर दिया है। कुछ दिन पहले फ्रांस के राष्ट्रपति जी का आपने जयपुर में जो स्वागत सत्कार किया, उसकी गूंज पूरे भारत में, इतना ही नहीं पूरे फ्रांस में भी उसकी गूंज रही है। माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज राजस्थान के विकास के लिए करीब 17 हजार करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। ये प्रोजेक्ट, रेल, रोड, सौर ऊर्जा, पानी और एलपीजी जैसे विकास कार्यक्रमों से जुड़े हैं। ये परियोजनाएं राजस्थान के हज़ारों युवाओं को रोजगार देने वाली हैं। हर परिवार का जीवन समृद्ध बनाने का अभियान है। ये गरीबी को जड़ से मिटाने का अभियान है। युवाओं के लिए अच्छे रोज़गार बनाने का अभियान है। ये देश में आधुनिक सुविधाएं बनाने का अभियान है।
विकसित भारत के लिए विकसित राजस्थान का निर्माण बहुत ज़रूरी है। और विकसित राजस्थान के लिए रेल, रोड, बिजली, पानी, जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं का तेज विकास होना जरूरी है। जब ये सुविधाएं बनेंगी, तब किसान-पशुपालक को लाभ होगा। राजस्थान में उद्योग आएंगे, फैक्ट्रियां लगेंगी, पर्यटन बढ़ेगा। अधिक निवेश आएगा, तो स्वाभाविक है, ज्यादा से ज्यादा नौकरियां भी आएंगी। जब सड़कें बनती हैं, रेल लाइन बिछती है, रेलवे स्टेशन बनते हैं, जब गरीबों के घर बनते हैं, जब पानी और गैस की पाइपलाइन बिछती है, तब निर्माण से जुड़े हर बिजनेस में रोजगार बढ़ता है। तब ट्रांसपोर्ट से जुड़े साथियों को रोजगार मिलता है। इसलिए इस वर्ष के केंद्रीय बजट में भी हमने ऐतिहासिक 11 लाख करोड़ रुपए इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए रखे हैं।
उन्होंने कहा कि सड़कों का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है, उनसे कोटा, उदयपुर, टोंक, सवाई-माधोपुर, बुंदी, अजमेर, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। यही नहीं इन सड़कों से हरियाणा, गुजरात, महाराष्ट्र और दिल्ली से कनेक्टिविटी भी सशक्त होगी। आज भी यहां रेलवे के विद्युतीकरण से लेकर मरम्मत तक के अनेक प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण हुआ है। बांदीकुई से आगरा फोर्ट रेलवे लाइन के दोहरीकरण का काम पूरा होने के बाद मेहंदीपुर बालाजी और आगरा आना जाना और आसान हो जाएगा। जयपुर में खातीपुरा स्टेशन के शुरु होने से अब ज्यादा ट्रेनें चल पाएंगी। इसमें यात्रियों को बहुत सुविधा होगी। हमने सरकार में आने के बाद देश को बिजली की चुनौतियों से निकालने पर ध्यान दिया। हमने नीतियां बनाईं, निर्णय़ लिए। हमने सौर ऊर्जा जैसे बिजली उत्पादन के नए-नए सेक्टर्स पर जोर दिया। और आज देखिए, हालात बिल्कुल बदल गए हैं। आज भारत, सौर ऊर्जा, सोलर एनर्जी से बिजली पैदा करने के मामले में दुनिया में अग्रणी देशों में आ चुका है। हमारे राजस्थान पर सूर्य देव की असीम कृपा है। इसलिए राजस्थान को बिजली उत्पादन के मामले में आत्मनिर्भर बनाने के लिए डबल इंजन सरकार तेज़ी से काम कर रही है। आज यहां एक सोलर पावर प्लांट का लोकार्पण और 2 प्लांट्स का शिलान्यास हुआ है। इन प्रोजेक्ट्स से बिजली तो मिलेगी ही, हज़ारों नौजवानों को रोज़गार भी मिलेगा।
सरकार का प्रयास है कि हर परिवार अपने घर पर सौर ऊर्जा पैदा करे, सोलर एनर्जी पैदा करे और अतिरिक्त बिजली बेचकर कमाई भी करे। इसके लिए केंद्र की सरकार ने एक औऱ बड़ी और बहुत ही महत्वपूर्ण योजना की शुरुआत की है। ये योजना है- पीएम सूर्य घर। इसका मतलब है - मुफ्त बिजली योजना। इसके तहत सरकार की तैयारी हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली का इंतजाम करने की है। इस योजना के तहत शुरुआत में देशभर के 1 करोड़ परिवारों को जोड़ा जाएगा। केंद्र सरकार छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए हर परिवार के बैंक खाते में सीधे मदद भेजेगी। और इस पर 75 हजार करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसका सबसे अधिक लाभ मध्यम वर्ग और निम्न मध्यम वर्ग परिवारों को होने वाला है। उनके घर की बिजली मुफ्त हो जाएगी। सोलर पैनल लगाने के लिए बैंकों से सस्ता और आसान ऋण भी दिलाया जाएगा। मुझे बताया गया है कि राजस्थान सरकार ने भी 5 लाख घरों में सोलर पैनल लगाने की योजना बनाई है। ये दिखाता है कि डबल इंजन सरकार, गरीब और मध्यम वर्ग का खर्च कम करने के लिए कितना काम कर रही है। हमारी कोशिश है कि हर लाभार्थी तक तेज़ी से उसका हक पहुंचे, कोई भी वंचित न रहे। इसलिए ही हमने विकसित भारत संकल्प यात्रा भी शुरू की थी। राजस्थान के करोड़ों साथियों ने इस यात्रा में हिस्सा लिया है। इस दौरान करीब पौने 3 करोड़ साथियों की मुफ्त स्वास्थ्य जांच हुई। सिर्फ एक महीने में ही राजस्थान में 1 करोड़ नए आयुष्मान कार्ड बने हैं। 15 लाख किसान लाभार्थियों ने किसान क्रेडिट कार्ड के लिए रजिस्ट्रेशन किया। पीएम किसान सम्मान निधि योजना के लिए भी लगभग साढ़े 6 लाख किसान साथियों ने आवेदन किया है। अब इनके बैंक खातों में भी हज़ारों रुपए आने वाले हैं। इस यात्रा के दौरान, करीब 8 लाख बहनों ने उज्ज्वला गैस कनेक्शन के लिए पंजीकरण भी किया है। इनमें से सवा 2 लाख कनेक्शन जारी भी हो चुके हैं। अब इन बहनों को भी 450 रुपए का सिलेंडर मिलना शुरु हो चुका है। इतना ही नहीं, 2-2 लाख रुपए की जो बीमा योजनाएं हैं, उनसे भी राजस्थान के लगभग 16 लाख साथी जुड़े हैं।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!