जिलाणी माता मेेले में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
बहरोड़। कस्बे में कचहरी के पीछे स्थित जिलाणी माता मंदिर पर गुरूवार को मेला और आमजन के सहयोग से विशाल भंडारा आयोजित किया गया। मन्दिर में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा है। सुबह 5 बजे से ही यहां भक्तों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। दिन बढ़ने के साथ श्रद्धालुओं की संख्या धीरे-धीरे बढ़ना शुरू हो गई। आस्था और श्रद्धा के साथ कस्बे सहित ग्रामीण क्षेत्र से महिलाएं समूह बनाकर अपनी पारंम्परिक रंग बिरंगी पोशाक पहनकर मांगलिक गीत गाते हुए माता दरबार में पहुंची और दरबार में मत्था टेक मनौती मांगी। नव-विवाहित युगल गठ जोड़ों ने जात लगाई। जिलाणी माता को शक्कर का भोग लगाया गया। मेले में पहूॅचे श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर भण्डारे की प्रसादी ग्रहण की। जिलाणी माता सेवा समिति के द्वारा वाहन पार्किंग, पेयजल पूर्ति, छाया, शर्बत का पानी, कैरी पानी, चप्पलों के रखने की व्यवस्था, माता के दर्शन करने लिए बैरिकेडिंग लगाई गई थी। श्रद्धालुओं की ओर से कचहरी से लेकर माता के मंदिर तक जगह-जगह पानी की प्याऊ लगाई गई थी।