धौलपुर: आमजनों को बारिश के दिनों में विशेष सावधानी बरतने की है जरूरत-डीएम
धौलपुर। जिले में हो रही लगातार वर्षा से अधिकतर बांधों की भराव क्षमता पूर्ण होने पर ओवरफ्लो हो गए है। इसको ध्यान में रखते हुए जिला कलक्टर निधी बी टी ने आमजन को सुरक्षात्मक दृष्टि से एडवाइजरी दी है। उन्होंने आमजन से नदी, नालों, बांधों तथा पुलिया से दूर रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में ओवरफ्लो रपट को पार न करें तथा आपदा की स्थिति में जिला प्रशासन द्वारा जारी नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नम्बर 05642-220033 पर तुरंत सूचित करें ताकि समय पर राहत पहुंचाई जा सके। बारिश के मौसम में आकाशीय गर्जन और बिजली गिरने की घटना होना जानलेवा साबित हो सकता है। बारिश के दिनों में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मेघगर्जन के समय यदि घर के बाहर हैं, तो जल्द से जल्द घर अथवा कहीं आश्रय स्थल पर रूक जाएं। टीन अथवा धातु की बनी छतों वाले स्थान से दूर रहें। किसी भी पेड़ के नीचे ना खड़े हों। किसी भीड़भाड़ वाले स्थान से दूरी बनाएं। तरणताल, नदी नालों में बारिश के मौसम में अचानक पानी आने की सम्भावना रहती है उनसे दूरी बनाए। उन्होंने आमजन को क्षतिग्रस्त एवं जर्जर भवनों और इमारतों में शरण नहीं लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों का विशेष ख्याल रखें। क्षतिग्रस्त, गिरे हुए बिजली के खंबे, पानी मे डूबे हुए बिजली के तारों से दूर रहे तुरंत विद्युत विभाग या पुलिस को सूचना दे। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि जलभराव वाले स्थलों नदियों, पोखर, तालाब, बांध, रपटों, झरनों पर नहीं जाएं। सभी उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार, विकास अधिकारी एवं अधीनस्थ कर्मचारी, थानाधिकारी, गिरदावर, पटवारी, ग्राम विकास अधिकारी ऐसे स्थलों पर नियमित रूप से भ्रमण करें तथा ऐसे स्थानों पर आम व्यक्तियों के आवाजाही नहाना, भ्रमण करना आदि अन्य गतिविधियां को रोकने हेतु तत्काल प्रभावी कार्यवाही करें।