धौलपुर: विद्यार्थियों को नियमों की पालना के लिए शिक्षक प्रेरित करें -श्रीकांत कुमावत
धौलपुर। जिला परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग धौलपुर द्वारा मनाए जा रहे राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत बाड़ी में चल रहे, शिक्षक दक्ष प्रशिक्षण शिविर में जिला परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग धौलपुर द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए परिवहन निरीक्षक श्रीकांत कुमावत ने कहा कि शिक्षक ही विद्यार्थी के भविष्य का निर्धारण करते हैं। वह समाज को नई रोशनी दिखाने का कार्य करते है। उन्होंने कहा कि शिक्षक यदि अपने छात्रों को यातायात नियमों की पालना के लिए नियमित प्रेरित करेंगे तो छात्र यातायात नियमों की जरूर पालन करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक छात्र के जीवन में शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य विभिन्न आयोजनों के माध्यम से यातायात नियमों की जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने का है। शिक्षक वर्ग इसमें महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में सहयोग प्रदान कर आयोजन को सफल बनाएं। पुलिस थाना कोतवाली प्रभारी देवेंद्र शर्मा ने कहा कि यदि शिक्षक विद्यालय में - नो हेलमेट नो एंट्री का कड़ाई से पालन करें, तो आने वाले समय में सभी यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित कर सकते है। उन्होंने कहा कि यदि आप मात्र चालान से बचने के लिए यातायात नियमों की पालना कर रहे हैं तो आप अपने जीवन के साथ बहुत बड़ा खिलवाड़ कर रहे है। उन्होंने कहा कि बाड़ी में यातायात पुलिसकर्मियों द्वारा लगातार समझाइश अभियान चलाया जा रहा है और चालान की कार्रवाई भी की जा रही है मगर फिर भी लोग यातायात नियमों का नियमित रूप से पालन नहीं कर रहे। उन्होंने कहा कि शिक्षक नियमों की पालना करने में महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में सहयोग प्रदान कर सकते हैं। हमारे द्वारा आपके बीच इस आयोजन को करने का उद्देश्य यही है कि आप अपने विद्यार्थियों को नियमों की पालना के लिए प्रेरित करें। इस अवसर पर शिक्षक दक्ष प्रशिक्षक शिविर प्रभारी घनश्याम मीणा, बृजेंद्र बावरिया, नरेंद्र वर्मा, शशि परमार, प्रियंका ढाका, देवेंद्र सिंह ,अजय शर्मा व अजीत चौधरी मुख्य रूप से उपस्थित थे। परिवहन विभाग की ओर से सभी शिक्षकों को यातायात नियमों की पालना को लेकर शपथ ग्रहण कराई गई। पुलिस थाना कोतवाली द्वारा इस अवसर पर नो हेलमेट नो एंट्री पोस्ट का विमोचन किया गया। समारोह के दौरान यातायत कर्मी मुख्य रूप से उपस्थित रहे जिन्होंने यातायात नियमों के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी। परिवहन व्यक्तियों से सीख से सुरक्षा टेक्नोलॉजी से परिवर्तन विषय पर न्यू एरा पब्लिक स्कूल में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें सबसे अधिक विद्यार्थियों ने अपनी भागीदारी निभाई इस अवसर पर जिला परिवहन विभाग के भूदेव त्यागी मुख्य रूप से उपस्थित थे।