Dark Mode
नवाजुद्दीन के खिलाफ दीया मिर्जा की तीखी पोस्ट, सोशल मीडिया पर उठे सवाल

नवाजुद्दीन के खिलाफ दीया मिर्जा की तीखी पोस्ट, सोशल मीडिया पर उठे सवाल

मुंबई। अभिनेत्री दीया मिर्जा ने अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ काम करने के अपने अनुभव को बेहद खराब बताते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की है। उनकी इस टिप्पणी के बाद मनोरंजन जगत में चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, पोस्ट में विवाद की वजह स्पष्ट नहीं की गई है। ऐसे में कई यूजर्स इसे किसी नए प्रोजेक्ट के प्रचार से जोड़कर देख रहे हैं।

दीया मिर्जा ने बुधवार को इंस्टाग्राम पर नवाजुद्दीन सिद्दीकी को टैग करते हुए उनके व्यवहार पर नाराजगी जाहिर की। अभिनेत्री ने लिखा, "नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ काम करना मेरे लिए बुरे सपने जैसा है, उन्हें बात करने की तमीज नहीं है, उनका एटीट्यूड अलग ही लेवल का है और वे बेहद आपत्तिजनक इंसान हैं।"

दीया ने अपनी पोस्ट में यह नहीं बताया कि उनके और नवाजुद्दीन के बीच किस बात को लेकर ऐसी स्थिति बनी। उन्होंने अब तक इस टिप्पणी के पीछे का संदर्भ भी स्पष्ट नहीं किया है। वहीं, नवाजुद्दीन सिद्दीकी की ओर से भी इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

अभिनेत्री की पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर यूजर्स ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं। कुछ लोगों ने दीया के आरोपों को गंभीरता से लिया, तो कई यूजर्स ने इसे किसी आगामी प्रोजेक्ट या विज्ञापन के प्रचार का हिस्सा बताया। एक यूजर ने टिप्पणी की, "ये भी पीआर ही होगा, आजकल सब वही है।"

एक अन्य यूजर ने दोनों कलाकारों के सोशल मीडिया फॉलोअर्स की तुलना करते हुए लिखा कि नवाजुद्दीन के 10 मिलियन फॉलोअर्स हैं, जबकि दीया मिर्जा के फॉलोअर्स उनकी संख्या के आधे हैं।

एक यूजर ने प्रमोशन के लिए अपनाए जा रहे तरीकों पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब लोग ऐसी रणनीतियों को आसानी से पहचानने लगे हैं। कलाकारों और उनकी पीआर टीमों को दर्शकों से जुड़ने के नए तरीके तलाशने चाहिए। ऐसा नहीं होने पर लोग कलाकारों की वास्तविक बातों और जरूरी मुद्दों को भी प्रचार का हिस्सा समझकर नजरअंदाज कर सकते हैं।

वहीं, कुछ यूजर्स ने दीया मिर्जा की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए उनकी अभिनय क्षमता पर भी निशाना साधा। एक यूजर ने लिखा, "लेकिन उनकी एक्टिंग आपकी एक्टिंग से अच्छी है।"

फिलहाल, दीया मिर्जा की पोस्ट को लेकर अटकलों का दौर जारी है। जब तक अभिनेत्री या नवाजुद्दीन की ओर से कोई विस्तृत बयान सामने नहीं आता, तब तक इस टिप्पणी के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!