35 पट्टों का वितरण:प्रशासन शहरों के संग अभियान में बांटे पट्टे
डूंगरपुर. जिले के सागवाड़ा उपखंड अंर्तगत प्रशासन शहरों के संग अभियान के तहत सागवाड़ा नगरपालिका की ओर से सोमवार को 35 पट्टों का वितरण किया। कांग्रेस के नवनियुक्त नगर अध्यक्ष ललित पंचाल के मुख्य आतिथ्य और नगरपालिका अध्यक्ष नरेंद्र खोडनिया की मौजूदगी में पालिका प्रशासन ने 69 अ और स्टेट ग्रांट के 35 लाभार्थियों को पट्टे सौंपे। पालिका अध्यक्ष खोडनिया ने बताया कि प्रदेश की अशोक गहलोत सरकार द्वारा शहरवासियों को राहत देने का काम किया जा रहा है। नगरपालिका सागवाड़ा पट्टा वितरण में पिछले एक वर्ष से उदयपुर संभाग में प्रथम आ रही है। अब जोधपुर व कोटा संभाग की बराबरी पर जाने का प्रयास किया जा रहा है। खोडनिया ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार किसी भी व्यक्ति ने अभियान के दौरान पट्टा प्राप्त किया हो तो 7 माह के अंदर ही पंजीयन करा लेने से राज्य सरकार द्वारा दी जा रही शत-प्रतिशत लीज की छूट मिलेगी। वहीं 7 माह के बाद 3 वर्ष तक पट्टा पंजीयन करवाने पर उसे 10 रुपए प्रति वर्ग मीटर की दर से राशि जमा करवानी पड़ेगी और 3 वर्ष के बाद पट्टा अपने आप निरस्त हो जाता है। पालिका उपाध्यक्ष राजूमामा, पार्षद इंद्रजीत मकवाना, इस्माइल बिल्ला, प्रकाश खटीक, गटा भागरिया, डायालाल पाटीदार, अशोक रोत, पालिका कर्मचारी जीतेन्द्र शर्मा, अभियान प्रभारी रोशन व्यास, सिद्धार्थ शर्मा, राकेश जैन,पराग सोमपुरा, जितेंद्र पाटीदार मौजूद रहे।