जिला कलक्टर ने किया इंदिरा रसोई औचक निरीक्षण
धौलपुर । जिला कलक्टर अनिल कुमार अग्रवाल ने जिला मुख्यालय स्थित इंदिरा रसोई संख्या 1108 का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पाकशाला, भण्डार घर, टोकन काउंटर, साफ सफाई की व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने भोजन कर रहे लाभार्थियों से भोजन की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्राी महोदय की संकल्पना ’कोई भी भूखा न सोए’ को चरितार्थ करती हुई यह राज्य सरकार की बहुत ही महत्वपूर्ण योजना है। गरीब, जरुरतमंद लोगों, दिहाड़ी मजदूरो और घर से दूर रह कर शहरी क्षेत्रों में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियो के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने निर्धारित मेन्यू के अनुरूप गुणवतापूर्ण भोजन तैयार करने एवं प्रत्येक लाभार्थी को निर्धारित मापदंड के अनुसार भोजन उपलब्ध करवाने हेतु संचालक को निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिदिन बोर्ड पर भोजन का मेन्यू लिखने के भी निर्देश दिए।