जिला कलक्टर ने दिए कार्यों में लक्ष्य पूर्ति के निर्देश
बारां। जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित बैठक में जनगणना, एफआरसी, ईआरसीपी सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से लक्ष्यपूर्ति के निर्देश दिए गए। डीओआइटी के वीडियो कांफ्रेंसिंग कक्ष में आयोजित बैठक में जिलेभर में जनगणना के तहत मकान सूचीकरण कार्य में जिन एचएलबी में कार्य अपेक्षाकृत कम हुआ है, वहां विशेष ध्यान देकर प्रगति लाने तथा क्षेत्र के नजरी नक्शे व भौतिक सत्यापन का कार्य पूर्ण सावधानी से कराए जाने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला कलक्टर ने फार्मर रजिस्ट्रीकरण के तहत जिन बकेट्स में कम काम हुआ है, उन पर विशेष फोकस करते हुए लक्ष्य पूर्ति करने को कहा। पीएम किसान सम्मान निधि योजना के अन्तर्गत ईकेवाईसी का कार्य तत्परता के साथ पूर्ण करने को कहा। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग 27 व ईआरसीपी के नामांतरण, हरियालो राजस्थान, वंदे गंगा अभियान के कार्यों में प्रगति को लेकर भी समीक्षा की गई तथा जिन क्षेत्रों में लक्ष्य पूर्ति कम अर्जित हुई है वहां विशेष कार्ययोजना बनाकर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में एडीएम भंवरलाल जनागल, एसडीएम विश्वजीत सिंह, तहसीलदार दशरथ मीणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। वहीं उपखंड क्षेत्रों के अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में सम्मिलित हुए।