जिला कलक्टर ने परिवादियों की समस्याएं सुनी
राजसमन्द . जिला कलक्टर नीलाभ सक्सेना ने गुरुवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई में जिले भर से आए परिवादियों की समस्याएं सुनी और निस्तारण के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला स्तरीय अधिकारी जनसुनवाई कक्ष में एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जनसुनवाई से जुड़े रहे।
जिला स्तरीय जनसुनवाई में अतिक्रमण,बिजली और पानी कनेक्शन, भूमि विवाद, नाला निकासी, पेंशन प्रकरण आदि प्रकार के मामले लेकर परिवादी उपस्थित हुए।
कलक्टर ने समस्याओं को सुन कर शीघ्र समस्याओं का निस्तारण कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश सभी अधिकारियों को दिए।
कलक्टर ने जनसुनवाई में उपस्थित अधिकारियों को कहा कि आमजन की समस्याओं का गंभीरता से समाधान करें व हर व्यक्ति के प्रति संवेदनशीलता का भाव रखें।
जनुसनवाई में अतिरिक्त जिला कलक्टर रामचरण शर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी उत्साह चौधरी, उपखंड अधिकारी डॉ दिनेश राय सापेला, राजसमन्द तहसीलदार नारायण प्रसाद शर्मा, सीडीईओ राजेन्द्र गगड़, नगरपरिषद आयुक्त जनार्दन शर्मा आदि अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहें।