भीम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का जिला कलक्टर ने किया निरीक्षण
नाथद्वारा। राजसमंद जिला कलक्टर डॉ. भंवर लाल जिले में समुचित स्वास्थ्य सेवाओं की सुनिश्चितता के के लिए प्रतिबद्ध रहकर निरंतर प्रयास कर रहे हैं। बुधवार को उन्होंने भीम पहुंचकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया एवं व्यवस्थाओं को देखा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ सफाई पर विशेष जोर दिया और अस्पताल प्रबंधन को आमजन के लिए पर्याप्त साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बेडशीट समय पर बदलने, पुरानी बेडशीट हटाने, शौचालय की नियमित सफाई करने सहित अन्य बिंदुओं पर दिशा निर्देश दिए। यहां उन्होंने अस्पताल में स्टाफ, उपस्थिति एवं अनुपस्थित स्टाफ की जानकारी ली। इसके अलावा दवाइयां के स्टोरेज को भी देखा एवं दवाइयां के उपलब्धता की जानकारी ली। निशुल्क दवा वितरण काउंटर पर जाकर दवा वितरण की जानकारी ली। जिला कलेक्टर ने यहां पहुंचे मरीजों से भी चर्चा की एवं अस्पताल में दिए जाने वाले उपचार को लेकर फीडबैक लिया। जनाना वार्ड में जाकर उन्होंने महिलाओं से बात की एवं इलाज को लेकर पूछा। इसके अलावा पुरुष तथा महिला वार्ड का भी निरीक्षण किया। अस्पताल प्रबंधन से चर्चा करते हुए जिला कलेक्टर ने प्रतिदिन आने वाले मरीजों की औसत संख्या को लेकर पूछा। इस दौरान उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।