जिला स्तरीय अधिकारियों ने खण्ड टिब्बी में एमसीएचएन टीकाकरण सत्रों का सघन निरीक्षण
हनुमानगढ़। मातृ, शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस (एमसीएचएन-डे) पर गुरूवार को जिले में विभिन्न चिकित्सा संस्थानों पर टीकाकरण सत्रों का आयोजन किया गया। इसके तहत आज गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, आवश्यक टीके एवं नि:शुल्क दवाइयां दी गई तथा उन्हें उचित खान-पान एवं पोषण संबंधी जानकारी भी दी गई। नवजात शिशुओं को भी टीके लगाए गए एवं आवश्यक ड्रॉप्स पिलाई गई। विभाग के समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों ने ब्लॉक टिब्बी में एमसीएचएन-डे का सघन निरीक्षण किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि जिले में प्राथमिक चिकित्सा केन्द्रों, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, आंगनबाड़ी केन्द्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में गुरुवार को एमसीएचएन डे पर टीकाकरण सत्रों का आयोजन कर गर्भवती महिलाओं और बच्चों को टीके लगाए गए। टीकाकरण सत्र पर बीसीएमओ एवं मेडिकल ऑफिसर्स द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया। समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा खण्ड टिब्बी में टीकाकरण सत्रों की जांच की। इस दौरान उन्होंने टिब्बी के मेहरवाला पीएचसी एवं उसके अधीन उपस्वास्थ्य केन्द्र एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों की जांच की। उनके साथ डीपीओ जितेन्द्रसिंह राठौड़ भी उपस्थित रहे। इसके बाद उन्होंने सीएचसी टिब्बी का निरीक्षण कर अधिकरियों की बैठक ली। इसके अतिरिक्त आरसीएचओ डॉ. विक्रमसिंह एवं एसओ करीना चौधरी ने तलवाड़ा झील पीएचसी, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. रविशंकर शर्मा एवं डीपीसी बलविन्द्र सिंह ने सूरेवाला पीएचसी, डीपीसी संदीप कुमार ने मिर्जावाली मेर पीएससी एवं जेएसए सुदेश कुमार एवं डीपीसी-आईईसी मनीष शर्मा ने सिलवालाखुर्द पीएचसी एवं उसके अधीन आने वाले आंगनबाड़ी केन्द्रों में टीकाकरण सत्रों की जांच की। इस मौके पर गर्भवती महिलाओं और परिजनों को मौसमी बीमारियों से बचाव व रोकथाम के विषय में बताया गया और सम्पूर्ण पोषण की जानकारी दी गई। टीकाकरण सत्रों के दौरान आशा सहयोगिनी और नर्सिंग स्टाफ ने उल्लेखनीय योगदान दिया। इस दौरान पीएचसी पर कोल्ड चैन प्वाईंट का निरीक्षण किया गया एवं दवाओं के के उचित रख-रखाव के लिए दिशा-निर्देश दिए। चिकित्सा संस्थानों पर प्रचार-प्रसार सामग्री की भी जांच की गई।