विधानसभा चुनावों को लेकर जिला प्रबंध समिति की कार्यशाला आयोजित
सीकर। भाजपा की विधानसभा चुनावों को लेकर गठित की गई जिला चुनाव प्रबंध समिति की प्रथम कार्यशाला गुरूवार को हुई। कार्यशाला भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष पवन मोदी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। कार्यशाला में हिमाचल प्रदेश के प्रदेश महामंत्री (संगठन) व जयपुर संभाग के प्रवासी प्रभारी सिद्धार्थन, प्रदेश महामंत्री व जयपुर संभाग प्रभारी भजनलाल शर्मा, सांसद स्वामी सुमेधानंद सरस्वती, जिला संगठन प्रभारी दिनेश धाबाई, कुमार लखोटिया, दांतारामगढ़ से गजानंद कुमावत आदि मंचस्थ रहे। कार्यशाला में बोलते हुए हिमाचल प्रदेश के प्रदेश महामंत्री (संगठन) सिद्धार्थन ने समिति के पदाधिकारियों से विधानसभा चुनावों में सत्यम्, शिवम्, सुंदरम की तरह कार्य करने का आव्हान किया। कहा कि सभी मिलकर पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि सभी दायित्ववान पदाधिकारी विधानसभा चुनावों में सभी को जिले की सभी आठों विधानसभाओं में मिलकर एक टीम के रूप में कार्य करना है। कहा कि सूची के साथ प्रत्येक बूथ पर जाकर वहां के लोगों से मिले और बूथ पर भी कार्यकर्ताओं की एक टीम बनाए। चुनावों में बेहतर प्रबंध के लिए सभी आपस में मिलकर कार्य करेंगे। कहा कि किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर वे उच्चाधिकारियों को इसकी शिकायत दर्ज कराएं। जिले में कहीं भी गलत होने की सूचना दें। उन्होंने कुछ सुझाव भी दिए। संचालन जिला महामंत्री भंवरलाल शर्मा ने किया।