संभागीय आयुक्त ने किया पदभार ग्रहण
संभाग में योजनाओं की बेहतर क्रियान्विति आमजन को राहत होगी प्राथमिकता-संभागीय आयुक्त
कोटा । संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह ने बुधवार को प्रातः पदभार ग्रहण कर संभागीय आयुक्त एवं सीएडी कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। कोटा पहुंचने पर संभागीय आयुक्त का जिला कलक्टर ओपी बुनकर, बून्दी जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त राजपाल सिंह, अतिरिक्त क्षेत्रीय विकास आयुक्त सीएडी नरेश मालव सहित अधिकारियों ने पुष्प गुच्छ भेंट कर अगवानी की।
संभागीय आयुक्त ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि संभाग में सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की बेहतर क्रियान्विति, विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ गति प्रदान करना उनकी प्राथमिकता में होगा। उन्होंने कहा कि महंगाई राहत शिविरों में प्रत्येक पात्र व्यक्ति को पंजीयन के साथ योजनाओं के लाभ के गारंटी कार्ड मिले, यह सुनिश्चित किया जाएगा। प्रशासन शहरों के संग व गांवों के संग अभियान में सरकार की मंशा के अनुरूप आम नागरिकों को मौके पर अधिक से अधिक लाभ प्रदान किए जाएं इसके लिए अधिकारियों को पाबन्द किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नहरी क्षेत्र में किसानों को अन्तिम छोर तक पानी मिल सके इसके लिए नहरों व धोरों के पक्का करने के कार्य को गति प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि आमजन के लिए उनके कार्यालय के द्वार हमेशा खुले रहेंगे, जनता को समय पर योजनाओं का लाभ व समस्या निराकरण कराया जाएगा।
कार्यालय का निरीक्षण-
संभागीय आयुक्त डॉ. सिंह ने पदभार ग्रहण करने के बाद संभागीय आयुक्त कार्यालय के विभिन्न अनुभागों, सीएडी कार्यालय के विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण कर अधिकारियों से कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कार्यालय में साफ-सफाई का नियमित ध्यान रखने व आमजन के कार्यों को समयबद्धता के साथ करने के निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त संभागीय आयुक्त राजपाल सिंह, अतिरिक्त क्षेत्रीय विकास आयुक्त नरेश मालव सहित कार्यालय के अधिकारीगण उपस्थित रहे।