मूल्यों के साथ शिक्षा: समृद्ध और सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण
पिलानी कै पी रूथला शिक्षण में मूल्यपरक शिक्षा का समावेश ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है । मूल्यपरक शिक्षा आज के समय की महत्ती आवश्यकता है । आज के बदलते परिवेश व उपभोक्तावादी युग में मूल्यपरक शिक्षा ही दिग्भ्रमित हुए विद्यार्थियों को सही रास्ता दिखा सकती है I शिक्षकों को अपने अध्यापन में नवाचार के साथ साथ मूल्यपरक शिक्षा पर भी जोर देना चाहिये । ये विचार केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर, द्वारा बिसाऊ के न्यू राजस्थान स्कूल में 'मूल्यपरक शिक्षा' विषय पर आयोजित एक दिवसीय शिक्षक कार्यशाला में सी बी एस ई के वरिष्ठ मास्टर ट्रेनर एवम रिसोर्स पर्सन तथा बिरला स्कूल पिलानी के शिक्षण समन्वयक श्री राजन शर्मा ने शिक्षकों के साथ साँझा किये । सी बी एस ई अजमेर के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ने बिसाऊ के न्यू राजस्थान स्कूल में ‘कैपैसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम इन मोरल वैल्यूज’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया । इस शिक्षक कार्यशाला में अजमेर संभाग के सीबीएसई स्कूलों के 64 शिक्षको ने भाग लिया । कार्यशाला में श्री राजन शर्मा व सागर स्कूल के श्री शैलेन्द्र मिश्रा ने शिक्षकों को मूल्यपरक शिक्षा को अध्यापन का अभिन्न अंग बनाने पर जोर दिया । रोचक गतिविधियों एवं उदाहरणों के माध्यम से मूल्यों को समाहित करने और शिक्षण में गुणवत्ता लाने हेतु अध्यापकों को नई विधियों से अवगत करवाया गया । कार्यशाला के समापन पर संस्था निदेशक डॉ प्रताप सिंह , चेयरमैन श्री नवीन सिहाग, श्रीमती पुष्पा व प्राचार्य श्रीमती भंवरी शर्मा ने रिसोर्स पर्सन्स को स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।