पूर्व मंत्री डा. जसवन्त यादव का पुतला फूंका
बहरोड़ । पूर्व मंत्री जसवन्त यादव द्वारा दो दिन पहले वाल्मिकी समाज के लिए कहे गये जाति सूचक शब्द के विरोध में शुक्रवार को दलित समाज के लोगों ने बहरोड़ पुलिस थाने के सामने विरोध प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला जलाया और पुलिस अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर उचित कार्यवाही की मांग की। इससे पूर्व समाज के लोगों ने पूर्व मंत्री डा. जसवन्त यादव के पुतले के साथ मुख्य रास्तों से रैली निकाली और जसवन्त यादव हाय हाय के नारे लगाये। हांलाकि शुक्रवार अल सुबह डा. जसवन्त यादव ने एक विडियो जारी कर बिना किसी शर्त के सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली। लेकिन समाज के लोग इससे संतुष्ट नजर नहीं आये। गौरतलब है कि 5 तारीख को बहरोड़ कस्बे में उनके बेटे मोहित यादव का जन्म दिन मनाया गया था। उस दौरान पत्रकार वार्ता में एक पत्रकार के सवाल का जवाब देते हुए उन्होनें वाल्मिकी समाज को लेकर जातिसूचक शब्द का प्रयोग किया था। जिसको लेकर समाज के लोग खफा हो गये और रोष प्रकट किया। इस मौके पर पार्षद मनोज कुमार, पार्षद अमित कुमार, पार्षद हरिसिंह, पार्षद संपत राम गोठवाल, पार्षद सुनील चौहान एडवोकेट और भीम आर्मी ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद चौराड़िया, उपाध्यक्ष राजा सरवन, राकेश, राजेश, महेंद्र फोजी, सोमदत्त, प्रदीप, सोनू, विजय सिंह, इंदिरा देवी, मीरा देवी, गीता देवी व दलित समाज से सैकड़ों युवा, महिलाएं, बुजुर्ग मौजूद रहे।