मौसम खराब होते ही गुल हो जाती है बिजली
बहरोड़। क्षेत्र में मौसम खराब होते ही गण्डाला पॉवर हाउस के अधीन गॉवों में बिजली गुल हो जाती है। जिससे रात रातभर मच्छरों से लड़ते हुए अंधेरे में गुजारनी पड़ती है। जो ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। वैसे तो बिजली कटौती की समस्या हमेशा बनी रहती है। बिजली कर्मी बगैर सूचना के कभी फाल्ट के नाम पर तो कभी रिपेयर के नाम पर बिजली काट देतें हैं। जो गर्मी के दिनों में ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। क्षेत्रवासियों के अनुसार जरा सा मौसम खराब होने पर बिजली गुल रहना व गॉव अंधेरे में डूबा रहना आम बात हो गई है। जब लोग फोन करते हैं तो रटा रटाया जवाब मिलता है कि लाइन में फाल्ट हो गया है। लोगों ने उच्च अधिकारियों से समस्या के समाधान की मांग की है।