अतीक के बेटे असद का झांसी में एनकाउंटर, शूटर गुलाम भी ढेर
झांसी. गैंगस्टर अतीक अहमद के बेटे असद और शूटर गुलाम मोहम्मद को UP पुलिस ने गुरुवार को मार गिराया। दोनों उमेश पाल मर्डर केस में वांटेड थे। दोनों पर पांच-पांच लाख रुपए का इनाम था। एनकाउंटर झांसी में पारीछा डैम के पास STF ने किया। पुलिस के मुताबिक, इनके पास विदेशी हथियार भी मिले हैं। STF की कार्रवाई के दौरान अतीक की प्रयागराज कोर्ट में पेशी चल रही थी। बेटे के एनकाउंटर की खबर सुनकर वो रोने लगा। गला सूखा तो पानी मांगा और सिर पकड़कर बैठ गया। 24 फरवरी को उमेश पाल के मर्डर के बाद ही ये फरार थे। STF 54 दिन से लगातार इन्हें ट्रेस कर रही थी और झांसी में इनकी लोकेशन मिलने पर मार गिराया। एनकाउंटर को डिप्टी एसपी नवेंदु और डिप्टी एसपी विमल लीड कर रहे थे। STF डीआईजी अनंत देव तिवारी ने कहा- असद-मकसूद को हमारी टीम ने मार गिराया है। इनके पास से पिस्टल, रिवाल्वर और विदेशी हथियार बरामद हुए हैं।
एनकाउंटर के बाद दो सबसे बड़े बयान
उमेश पाल की मां बोलीं- मेरे बेटे को सरेआम गोली मार दी। आज की कार्रवाई से हम लोगों को थोड़ी सी शांति मिली है। मेरे बेटे के हत्यारे मारे गए। ये जो 2 एनकाउंटर हुए हैं, उन्हें पाप की सजा मिली। देर है अंधेर नहीं है। योगीजी को धन्यवाद। अमिताभ यश (ADG, यूपी STF)- हमें जानकारी थी कि इनके पास विदेशी हथियार हैं। हम तैयार थे। जिस तरह इस गैंग ने उमेश पाल और उनके दोनों गनर्स को मारा था, इन आरोपियों को पकड़ना आसान नहीं था। दोनों के पास ब्रिटिश बुलडॉग रिवॉल्वर और वाल्थर पिस्टल मिली है। ये हथियार रेयर हैं। सामान्यत: मिलते नहीं हैं।
अतीक ने पत्नी से कहा था- बेटे ने शेरों वाला काम किया है
उमेश पाल मर्डर में असद का नाम और CCTV फुटेज सामने आने के बाद शाइस्ता ने अतीक अहमद से नाराजगी जाहिर की थी। रोते हुए कहा था कि असद अभी बच्चा है। उसे इस मामले में नहीं लाना चाहिए था। यह सुनने के बाद माफिया डॉन अतीक अहमद नाराज हो गया था। डांटकर उसने शाइस्ता परवीन से कहा था- असद शेर का बच्चा है। उसने शेरों वाला काम किया है। आज उसकी वजह से ही मैं 18 साल बाद चैन की नींद सोया हूं। उमेश के चलते मेरी नींद हराम हो गई थी। अब तुम बेवजह बात करके मेरा मूड न खराब करो। सब मैनेज हो जाएगा।
उमेश हत्याकांड में अब तक 4 एनकाउंटर
4 फरवरी को प्रयागराज में हुए उमेश पाल हत्याकांड में यूपी पुलिस अब तक 4 शूटर्स का एनकाउंटर कर चुकी है। पहला एनकाउंटर प्रयागराज में ही 27 फरवरी को अरबाज का हुआ था। अरबाज उस क्रेटा कार को चला रहा था, जिससे बदमाश उमेश पाल के घर तक पहुंचे थे। इसमें असद भी था। वहीं, दूसरा एनकाउंटर 6 मार्च को हुआ था। इसमें उमेश पर पहली गोली चलाने वाले विजय चौधरी उर्फ उस्मान को मुठभेड़ में मार गिराया था। इसके अलावा, असद और गुलाम को शुक्रवार को एनकाउंटर हुआ। यानी, अब तक इस मामले में 4 एनकाउंटर हो चुके हैं। अतीक के परिवार की मदद करने वाले 3 आरोपियों और करीबियों के घर पर बुलडोजर भी चल चुका है। अतीक के बेटे असद का उमेश हत्याकांड में शूटिंग करते हुए वीडियो सामने आया था। इसे प्रयागराज पुलिस ने जारी किया था।