Dark Mode
E20 पर AAP का प्रदर्शन, PM मोदी से केजरीवाल की अपील

E20 पर AAP का प्रदर्शन, PM मोदी से केजरीवाल की अपील

नई दिल्ली। E20 ईंधन नीति को लेकर आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को दिल्ली में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ता प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च करने निकले। प्रदर्शन के दौरान AAP नेताओं ने सरकार से E20 को लेकर अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की।

मार्च के दौरान अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि वे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में न आएं। उन्होंने कहा कि अमेरिका से एथेनॉल खरीदना बंद किया जाना चाहिए और देश में E20 ईंधन लागू करने का फैसला वापस लिया जाना चाहिए।

केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री से मुलाकात के लिए संदेश भेजा है और उन्हें उम्मीद है कि मिलने का समय दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक लोगों की शिकायतों और चिंताओं को सुना नहीं जाता, तब तक पार्टी इस मुद्दे को उठाती रहेगी।

AAP के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि बड़ी संख्या में वाहन मालिकों ने E20 को लेकर प्रधानमंत्री को पत्र भेजे हैं। उनके मुताबिक, लोगों की शिकायत है कि E20 ईंधन के इस्तेमाल से वाहनों को नुकसान हो रहा है और उनका औसत माइलेज भी कम हुआ है।

भारद्वाज ने कहा कि पार्टी ने प्रधानमंत्री से मिलने के लिए पहले समय मांगा था, लेकिन उन्हें मुलाकात का समय नहीं मिला। इसके बाद केजरीवाल के साथ करीब 100 लोगों का प्रतिनिधिमंडल प्रधानमंत्री से मिलने और जनता की ओर से ज्ञापन सौंपने के लिए आगे बढ़ा। उन्होंने कहा कि ये लोग प्रधानमंत्री से अपनी बात रखने जा रहे हैं।

AAP नेता अनुराग ढांडा ने भी E20 नीति को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि देशभर में करीब 30 करोड़ वाहन इससे प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका के दबाव में भारत में एथेनॉल का इस्तेमाल बढ़ाया जा रहा है। ढांडा ने प्रधानमंत्री से प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर लोगों की चिंताओं पर चर्चा करने की मांग की।

इस बीच सौरभ भारद्वाज ने दतिया और बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को बदलती युवा पीढ़ी की सोच को समझना होगा। उन्होंने भाजपा नेताओं और सोशल मीडिया पर सक्रिय समर्थकों से युवाओं के खिलाफ कथित आपत्तिजनक भाषा से बचने की अपील की और कहा कि नई पीढ़ी इसका राजनीतिक जवाब दे सकती है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!