ऊर्जा मंत्री ने कक्षा-कक्षों का किया उद्घाटन
बीकानेर। ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने शुक्रवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लोहिया में नाबार्ड आरआईओएफ और राज्य मद से 9 लाख 77 हजार रुपए की लागत से बने कक्षा-कक्ष मय बरामदा का उद्घाटन किया।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि विद्यालय में कक्षा-कक्षों की कमी को देखते हुए समग्र शिक्षा के तहत तीन-चार अतिरिक्त कक्षा-कक्ष के प्रस्ताव भेजे गए, इनके स्वीकृत होने पर शीघ्र ही कक्षा कक्षों का निर्माण करवा दिया जाएगा।
ऊर्जा मंत्री को लोहिया में बिजली की समस्या की जानकारी मिलने पर कहा कि गांव लोहिया की बिजली की समस्या का समाधान होगा। इसके लिए आवश्कता के अनुसार जीएसएस पर ट्रांसफार्मस शीघ्र ही लगेंगे। उन्होंने विद्युत विभाग केअभियन्ताओं को निर्देशित किया कि गांव की बिजली संबंधित समस्या का समाधान होना चाहिए। उन्होंने लोहिया में स्वीकृत ट्यूबवैल का निर्माण करने और पुराने खराब नलकूपों को शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की खेती खराब ना हो इसके लिए एक नया ट्रांसफार्मर लगाया जायेगा। लोहिया के इस इलाके में ट्यूबेल बहुत है। इसलिए 33 केवी जी एस एस पर दो ट्रांसफार्मर लगा दिए हैं। उन्होंने बताया कि हदां में 132 केवी जीएसएस स्वीकृत हुआ है, जिसका कार्य शुरू हो गया है। इसके शुरू होने से बिजली की आपूर्ति गुणवत्तापूर्ण हो सकेगी।
ऊर्जा मंत्री ने हदां तहसीलदार सुभाष को निर्देश दिये कि अजमेरा तालाब और शरह कुभ्लाई पायतन की भूमि की पैमाईश करे। उन्होंने पशुओं के निष्पादन के लिए अराजीराज भूमि आवंटन के प्रस्ताव प्रशासन गांवों के संग अभियान के शिविर में स्वीकृत करवाने के निर्देश दिए तहसीलदार को दिये।
उन्होंने स्कूल में फर्नीचर की कमी को दूर करने के लिए 5 लाख रूपये दिलवाने की बात कही । उन्होंने कहा गांव के लोग विकास के काम तय करें। इन विकास कार्यों के लिए विधायक कोटे से 10 लाख रूपये स्वीकृत किये जायेंगे।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने दियातरा से सियाणा तक पक्की सड़क बनवाने, इस विद्यालय में कमरों का निर्माण करवाने, खेल मैदान बनवाने, ढ़ाणियों पेयजल लाइन डालने व बिजली लाइन स्वीकृत करवाने और हंदा से आने वाली पेयजल लाइन से उच्च जलाश्य को जोड़ने की आवश्यकता जताई।
ऊर्जा मंत्री ने खेतोलाई मूलवान में उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन का किया उद्घाटन
ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने शुक्रवार को खेतोलाई मूलवान में नवनिर्मित उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन का उद्घाटन किया। इसके निर्माण पर 41 लाख रुपये व्यय हुए हैं।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गत साढे चार वर्षों में श्रीकोलायत क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं के विकास से जुड़े ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। क्षेत्र में नए चिकित्सा संस्थान खुले हैं तथा इनकी सुविधाओं में इजाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि नवनिर्मित उप स्वास्थ्य केन्द्र में नॉर्म्स के अनुसार सभी व्यवस्थाएं हों, जिससे ग्रामीणों को इनका वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि राजस्थान ऐसा पहला राज्य है, जहां राइट टू हैल्थ लागू हुआ है। मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना की बदौलत गरीब और जरूरतमंद का इलाज स्तरीय अस्पतालों में संभव हुआ है।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि श्रीकोलायत क्षेत्र में प्रगतिरत सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय पर पूर्ण हों, इसके लिए इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले का दूसरा ट्रोमा सेंटर बनाकर श्रीकोलायत की जनता को समर्पित किया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा आयोजित किए जा रहे महंगाई राहत शिविर पूरे देश के लिए नजीर बने हैं। आज गांव-गांव में यह शिविर आयोजित हो रहे हैं। इन शिविरों का लाभ प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए।
भाटी ने कहा कि श्रीकोलायत को शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र में सिरमौर बनाने की दिशा में काम किए जा रहे हैं। क्षेत्र में सड़क तंत्र को सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने श्रीकोलायत में विकास की अनेक सौगातें देने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का आभार जताया।