Dark Mode
बजट घोषणाओं का समय पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करें : प्रभारी सचिव

बजट घोषणाओं का समय पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करें : प्रभारी सचिव

झालावाड़। बजट घोषणा 2024-25 के तेज गति से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ शनिवार को शासन सचिव एवं आयुक्त पंचायती राज विभाग तथा प्रभारी सचिव झालावाड़ डॉ. रवि जैन की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय के सभागार में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रभारी सचिव ने बजट घोषणा 2024-25 के तहत की गई घोषणाओं के संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की तथा जिन बजट घोषणाओं में भूमि आवंटन की आवश्यकता हो उनके लिए भूमि का चिन्हीकरण करते हुए समय पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रभारी सचिव ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अन्तर्गत सेमला - सुनेल - हेमड़ा - डोला सड़क के चौड़ाईकरण के कार्य, आवर - कोटड़ी - रूपाखेड़ी - हड़मतिया सड़क, झालरापाटन के 15 मिसिंग लिंक रोड़, मनोहरथाना बाईपास तथा जालौर से झालावाड़ तक 402 किमी के बनाए जाने वाले ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे के कार्यों के संबंध में जानकारी लेते हुए इनके क्रियान्वयन को लेकर सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता को समय पर कार्यपूर्णता के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने चिकित्सा विभाग की बजट घोषणाओं यथा एसआरजी चिकित्सालय में विकास कार्य, झालरापाटन सेटेलाइट चिकित्सालय का जिला चिकित्सालय में क्रमोन्नयन, डग व पिड़ावा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों का उप जिला चिकित्सालयों में क्रमोन्नयन, ग्राम सांगरिया के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में क्रमोन्नयन तथा भिलवाड़ी उप स्वास्थ्य केन्द्र का प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में क्रमोन्नयन के संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को भूमि चिन्हीकरण कर पालना रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त उन्होंने जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के तहत भवानीमण्डी में पेयजल हेतु राजगढ़ पेयजल परियोजना से जोड़ने एवं प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 20-20 हैण्डपम्प तथा 10-10 ट्यूबवेल का निर्माण कार्य तथा मनोहरथाना में सहायक अभियंता कार्यालय निर्माण के लिए आवश्यक राशि की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारी को आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
इस दौरान उन्होंने मनोहरथाना में बस स्टेण्ड के निर्माण कार्य हेतु पुरानी कृषि मण्डी को नई कृषि मण्डी में स्थानान्तरित करवाने तथा लहसुन मण्डी के लिए भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव भिजवाने के निर्देश मण्डी सचिव को दिए। साथ ही उन्होंने जल संसाधन, पशुपालन एवं डेयरी, विद्युत, तकनीकी शिक्षा एवं कॉलेज शिक्षा के तहत की गई बजट घोषणाओं के संबंध में भी संबंधित अधिकारियों से चर्चा करते हुए उनके शीघ्र क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

समस्त कार्मिक कर्मयोगी पोर्टल पर करें रजिस्ट्रेशन

इस दौरान प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को उनके अधिनस्थ समस्त कार्मिकों का कर्मयोगी पोर्टल पर शत-प्रतिशत रजिस्ट्रेशन करवाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्मिक कर्मयोगी पोर्टल के तहत कम से कम तीन प्रशिक्षणों में अवश्य भाग लें।
इस दौरान जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने उपस्थित समस्त अधिकारियों को उनके विभाग से संबंधित बजट घोषणाओं का संक्षिप्त नोट तैयार करवाकर शीघ्र भिजवाने तथा भूमि चिन्हीकरण के कार्य को तत्परता से पूर्ण करवाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों को सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों के निर्धारित समयावधि में निस्तारण करवाने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम के अन्तर्गत नीति आयोग भारत सरकार के निर्देशानुसार चलाए जा रहे ‘‘सम्पूर्णता अभियान’’ के तहत खानपुर ब्लॉक में संबंधित 6 चिन्हित संकेतकों में 30 सितम्बर 2024 तक शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण किए जाने के संबंध में निर्देशित किया गया।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर सत्यनारायण आमेटा, जिला परिषद् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शम्भुदयाल मीणा सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!